फरीदाबाद में सबसे ज्यादा राजस्व देने वाली तहसील में लोग प्यासे, शौचालयों की हालत बेहद खराब
फरीदाबाद की सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाली तहसील में आगंतुकों को पेयजल और स्वच्छ शौचालयों जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। प्रत ...और पढ़ें
-1784790728602_m.webp)
फरीदाबाद तहसील कार्यालय में बिना टोंटी के रखा हुआ वाटर कूलर बता रहा है कि काम-काज कराने आने वाले लोग कैसे प्यास बुझाते होंगे। जागरण
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सरकारी खजाने को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाली फरीदाबाद तहसील का कार्यालय सेक्टर-12 लघु सचिवालय में है। यहां पर रोजाना हजारों की संख्या में काम-काज कराने लोग आते हैं। इनके लिए यहां पर न तो पेयजल की सुविधा है और न ही लघु शंका करने के लिए प्रसाधन की स्थिति ठीक है।
यह हालत तो मुख्यालय में है। जो दूर-दराज तहसील कार्यालय हैं, उनमें लोगों के लिए कैसी सुविधा होंगी, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
सेक्टर-12 लघु सचिवालय में उपायुक्त, एसडीएम, जिला राजस्व अधिकारी के कार्यालय हैं। यहां पर फरीदाबाद तहसील में ज्यादातर सामाजिक तौर पर अपर वर्ग के लोग अपनी रजिस्ट्री, बयनामा, रहननामा, इकरारनामा, वसीयत आदि कराने के लिए आते हैं। इस तहसील में ज्यादातर सेक्टरों में रहने वाले लोग आते हैं।
लोगों को रोज होती है परेशानी
इनमें काफी संख्या में महिला भी अपने काम-काज कराने के लिए आती हैं। तहसील में कोई भी ऐसा कक्ष नहीं है, जहां पर लोग अपनी रजिस्ट्री कराने के लिए नंबर आने का बैठ कर इंतजार कर सकें। ज्यादातर लोग तहसील परिसर में वसीका नवीस और वकीलों के टीन शेड़ में बैठ कर अपने नंबर का इंतजार कर सकें।
वसीका नवीस और वकीलों के यहां से ही पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते हैं। प्रसाधन ठीक न होने के कारण महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।

तहसील में महिलाओं को भी काफी संख्या में काम-काज कराने के लिए आना होता है। यहां पर प्रसाधन टूटे हुए हैं। ऐसी स्थिति में पुरुष तो इधर-उधर लघु शंका कर लेते हैं। महिला लघु शंका आने पर कहां जाएं। कम से कम प्रशासन को तहसील के प्रसाधन को ठीक कराने चाहिए, ताकि महिला को किसी तरह की परेशानी न हो। - भीम सिंह रावत, वकील
तहसील कार्यालय में कहीं पर भी कोई सफाई नहीं है। प्रसाधन की सफाई न होने से परिसर में भी दुर्गंध आती है। यहां पर बैठ कर काम करना मुश्किल होता है। पूरी तहसील में जगह-जगह पर पानी और तंबाकू की पीक के निशान बने हुए हैं। प्रशासन को तहसील कार्यालय में लोगों के आवागमन को ध्यान रखते में हुए साफ-सफाई करानी चाहिए। - रमेश कुमार सैनी, वसीका नवीस
तहसील कार्यालय में रखे हुए वाटर कूलर को ठीक करा दिया जाएगा और प्रसाधन की साफ-सफाई कराकर पूरी तरह से दुरुस्त करा दिया जाएगा। जहां पर पीक के निशान हैं, उन्हें साफ करा दिया जाएगा। लोगों को भी तहसील कार्यालय की सफाई में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्हें जगह-जगह पर पीक नहीं डालनी चाहिए। - सुमेर सिंह, तहसीलदार फरीदाबाद