सड़क हादसों से दहला फरीदाबाद, अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन की मौत; अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
फरीदाबाद में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। आईएमटी में एक बुलेरो ने लक्ष्मी देवी को टक्कर मार दी, जबकि ऐसी ही दो और घटनाओं म ...और पढ़ें

सड़क हादसों से दहला फरीदाबाद। (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। अलग-अलग जगह पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में वाहनों की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। पहली सड़क दुर्घटना आइएमटी में घटी।
चौकीदारी का काम करता था मृतक
इसके बारे में मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिला के बसई गांव के रहने वाले प्रयागदास ने बताया कि वह आइएमटी में एक फैक्ट्री में चौकीदार की नौकरी करता है। उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी सोमवार को बसई गांव से उसके पास आ रही थी।
जब वह शाम को आठ बजे आइएमटी पहुंची तो बुलेरो ने उसे टक्कर मार दी। इसके बारे में किसी ने उसे सूचना दे दी। लोग उसे घायल अवस्था में बादशाह खान अस्पताल ले गए। जब वह बादशाह खान अस्पताल में पहुंचे तो वहां पर उसकी पत्नी लक्ष्मी को मृत अवस्था में शवगृह में रखा हुआ था।
ट्राला की चपेट में आकर मौत
दूसरी घटना के बारे में एनआइटी की राहुल कालोनी के रहने वाले गुलबीर ने बताया कि उसका बेटा रहमत अली चंदावली गांव में राधिका वाटिका में आयोजित शादी में वेटर का काम करने गया था।
यह भी पढ़ें- जयपुर: बिजनेसमैन वल्लभ माहेश्वरी की सड़क हादसे में मौत, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पलटी BMW
काम समाप्त करके जब वह आधी रात को बाईपास पर चंदावली पुल को पार कर रहा था तभी मोहना रोड पर बल्लभगढ की तरफ से एक 12 टायर के ट्राला ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गया और चालक रहमत के दोनों पैरों के ऊपर से ट्राला को उतार कर ले गया।
खबरें और भी
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में उसे बादशाह खान अस्पताल लेकर गए। उपचार के दौरान उसकी अस्पताल में मौत हो गई। इस मामले में गुलबीर ने थाना सदर पुलिस में शिकायत की है।
बाइपास पार करते समय कार की चपेट में आया युवक
तीसरी दुर्घटना थाना सेक्टर-आठ क्षेत्र की है। इस दुर्घटना में बाईपास पार करते समय कार की टक्कर लगने से युवक की मौत हो गई। मूलरूप से बिहार के पटना का रहने वाला अमरजीत सिही गांव में परिवार सहित किराये पर रहता था।
सोमवार की शाम को वह मजदूरी करके पैदल वापस घर लौट रहा था। जब वह बाईपास को पार कर रहा था तो एक कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के ससुर मिथलेश ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी मृतक अमरजीत के साथ 2022 में की थी।
लापरवाही का केस दर्ज
इन तीनों दुर्घटनाओं में थाना सदर और सेक्टर-आठ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज कर मृतकों का बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिए।
यह भी पढ़ें- पंजाब के मोगा में सड़क हादसे में युवक की मौत, शव देख हृदयगति रुकने से चाची की भी गई जान