फरीदाबाद में शराब पीने से रोकने पर पत्नी को पीटा, धक्का-मुक्की में दूसरी मंजिल से गिरी
फरीदाबाद में पति ने शराब पीने से रोकने पर पत्नी को पीटा, धक्का-मुक्की में वह दूसरी मंजिल से गिर गई। ...और पढ़ें

पति को शराब पीने से रोका तो झगड़ में पत्नी दूसरी मंजिल से गिरी। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
पति ने शराब पीने से रोकने पर पत्नी को पीटा।
धक्का-मुक्की में महिला दूसरी मंजिल से नीचे गिरी।
महिला के टखने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। बीपीटीपी थाना क्षेत्र के सेक्टर-84 में शराब पीने से रोकने पर पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि पति ने पत्नी को चप्पलों, घूंसों और थप्पड़ों से पीटा तथा घर के दरवाजे बंद कर दिए। किसी तरह बाहर निकलने के बाद गैलरी में भी दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें महिला दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई।
हादसे में उसके दाहिने पैर के टखने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता नीरू चौधरी सेक्टर-84 स्थित अपने मकान में रहती हैं और रेवाड़ी में एक कंपनी में कस्टमर सर्विस मैनेजर के पद पर नौकरी करती हैं। उनका 20 वर्षीय बेटा मुंबई में पढ़ाई करता है।
शराब पीने से मना किया तो पति भड़क गया
महिला के अनुसार, पति सुरजीत सिंह शराब पीने का आदी है और पहले भी उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा है। नीरू ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त की छुट्टी के चलते पति के बार-बार फोन करने पर वह सेक्टर-84 स्थित घर आई थीं। घर पहुंचने के करीब दो घंटे बाद पति शराब पीने लगा। उसने शराब पीने से मना किया तो पति भड़क गया और उसके साथ बहस करने लगा।
आरोप है कि इसके बाद पति ने उसे चप्पलों से पीटा और घर के दरवाजे बंद कर दिए। वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर दरवाजा खोलकर गैलरी में पहुंची। आरोप है कि पति वहां भी उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगा। इसी दौरान वह दूसरी मंजिल की गैलरी से नीचे गिर गई।
जांच में महिला के शरीर पर पांच चोटें मिलीं
घटना के बाद महिला के भाई ने उसे सेक्टर-83 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलने पर टीम वहां पहुंची। मेडिकल जांच में महिला के शरीर पर पांच चोटें मिलीं। एक्स-रे में दाहिने टखने के अंदरूनी हिस्से और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पुलिस ने महिला के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पति सुरजीत सिंह के खिलाफ बीपीटीपी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
