फरीदाबाद के सोतई गांव में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण की बाधा हटी, एसडीएम ने लिया भूमि का कब्जा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में सोतई गांव में आ रही बाधा दूर हो गई है। एसडीएम ने किसानों से बातचीत कर भूमि का कब्जा ले लिया है, जिससे अब एक्सप्रेसवे का कार्य अप्रैल 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

सोतई गांव में किसानों की भूमि पर कब्जा लेने की बाधा अब दूर हो गई है।
HighLights
सोतई गांव में एक्सप्रेसवे निर्माण की बाधा दूर हुई।
एसडीएम ने किसानों से सहमति से भूमि कब्जाई।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे अप्रैल 2027 तक पूरा होगा।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बनाए जा रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में आ रही सोतई गांव में किसानों की भूमि पर कब्जा लेने की बाधा अब दूर हो गई है। एसडीएम ने मौके पर जाकर किसानों से बातचीत करके लिखित में कब्जा ले लिया। इस मौके पर काफी पुलिस बल और साथ एनएचएआई के अधिकारी भी मौजूद थे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सेक्टर-65 साहूपुरा मोड़ से 32 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। नौ किलोमीटर उत्तर प्रदेश की सीमा में और 23 किलोमीटर हरियाणा की सीमा में बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट का उद्घाटन हो चुका है और यहां से विमानों ने उड़ान शुरू कर दी है।
नौ एकड़ भूमि सोतई के जाट पट्टी के किसानों की
इसके लिए फरीदाबाद से आने-जाने का कोई रास्ता नहीं है। इसलिए शहर के लोगों को एयरपोर्ट का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में सबसे बड़़ी बाधा सोतई गांव के किसानों की भूमि पर कब्जा लेना बनी हुई थी। यहां पर नौ एकड़ भूमि सोतई के जाट पट्टी के किसानों की है। भूमि पर किसानों का कब्जा है।
गांव को नगर निगम में शामिल किया जा चुका है। नगर निगम इस भूमि को अपनी बता रहा था। जिला भूमि अर्जन अधिकारी ने मुआवजा कोर्ट में जमा करा दिया। नगर निगम और सोतई के किसानों के बीच मुआवजे को लेकर कोर्ट में मामला विचाराधीन है। अब तक किसान इस बात पर अड़े हुए थे, जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वह भूमि पर एनएचएआई को कब्जा नहीं देंगे।
एलिवेटेड मार्ग के लिए पिलर बनाने का कार्य रुका
इसकी वजह से सोतई गांव की भूमि में एलिवेटेड मार्ग के लिए पिलर बनाने का कार्य रुका हुआ था। एसडीएम मयंक भारद्वाज ने किसानों से इस भूमि पर कब्जा लेने के लिए बात करनी शुरू की। उन्होंने किसानों की मुलाकात उपायुक्त आयुष सिन्हा से भी कराई। किसान भूमि का कब्जा देने के लिए सहमत हो गए और लिख कर दे दिया। अब सोतई गांव में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं है।
अब उम्मीद है कि एनएचएआइ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को निर्धारित समय सीमा अप्रैल-2027 तक बनाकर पूरी तरह से तैयार कर देगा। एसडीएम मयंक भारद्वाज ने कहा है कि सोतई के सभी किसानों ने आपसी सहमति से भूमि का कब्जा लेने के लिए लिख कर दे दिया है। मौके पर प्रशासन ने भूमि पर कब्जा ले लिया है।
गांव के सभी किसानों ने एसडीएम को अपनी-अपनी भूमि का कब्जा लिख कर दे दिया है, परंतु मुआवजे का मामला अभी कोर्ट में अटका हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी किसानों की कोर्ट में कोई मदद नहीं करते। कोई भी अधिकारी कोर्ट में यह बयान देने के लिए नहीं जाता यह भूमि किसानों की और इसका मुआवजा किसानों को दे दिया जाए। इसलिए कोर्ट मुआवजा नहीं दे रही है। किसानों ने प्रशासन को कब्जा दे दिया है तो अब अधिकारियों को भी कोर्ट में जाकर मुआवजा देने के लिए बयान दे देने चाहिए।
- दिनेश सिंह, पूर्व सरपंच सोतई
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में 1 सितंबर से लागू होगी नई प्रॉपर्टी टैक्स पॉलिसी, घर में दुकान चलाने वालों पर पड़ेगी डबल मार
