फरीदाबाद में प्रतिबंधित मांझे से युवक की गर्दन कटी, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर
फरीदाबाद में प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। गर्दन पर 11 सेंटीमीटर और माथे पर 5 सेंटीमीटर गहरा घाव होने के कारण उसे दिल्ली रेफर किया गया है।
-1786877180748_m.webp)
प्रतिबंधित मांझे ने युवक की गर्दन काटी, 11 सेंटीमीटर गहरा घाव।
HighLights
फरीदाबाद में मांझे से युवक पंकज कुमार गंभीर घायल।
गर्दन पर 11 और माथे पर 5 सेंटीमीटर गहरा घाव।
प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के हायर सेंटर रेफर।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना इलाके में प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझा युवक की गर्दन में लिपट गया और बाइक चलते रहने के कारण गर्दन पर करीब 11 सेंटीमीटर गहरा घाव हो गया। माथे पर भी करीब पांच सेंटीमीटर लंबा घाव आया है।
घायल को बीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। घायल युवक की का नाम पंकज कुमार है, वह पल्ला पावर हाउस क्षेत्र का रहने वाला है और निजी कंपनी में काम करता है।
बाइक से बुआ के घर जा रहा था पंकज
रविवार सुबह वह बाइक से ओल्ड फरीदाबाद स्थित अपनी बुआ के घर जा रहा था। ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर पर पहुंचते ही अचानक पतंग का मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया।
पंकज को अचानक हुए हादसे का पता नहीं चला और उसने बाइक नहीं रोकी। इस दौरान मांझे से उसकी गर्दन कटती चली गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।
कई लोग घटना का वीडियो बनाने लगे
प्रत्यक्षदर्शी रूपेश कुमार ने बताया कि वह घायल पंकज को लेकर बीके अस्पताल पहुंचे। उनके अनुसार फ्लाईओवर पर काफी लोग मौजूद थे और कई लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। उन्होंने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बीके अस्पताल में चिकित्सकों ने पंकज का प्राथमिक उपचार किया। गर्दन पर करीब 11 सेंटीमीटर और माथे पर करीब पांच सेंटीमीटर का घाव होने के कारण उसकी हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
