Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फरीदाबाद: संत सूरदास की जन्मस्थली सिही में सीवर का कहर, गलियां बनी तालाब

    Updated: Fri, 10 Apr 2026 01:44 AM (IST)

    ऐतिहासिक सिही गांव में सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में जलभराव हो गया है, जिससे ग्रामीणों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। 50 साल पुरानी सीवर ल ...और पढ़ें

    ऐतिहासिक सिही गांव में सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में जलभराव हो गया है। इमेज एआई

    ऐतिहासिक सिही गांव में सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में जलभराव हो गया है। इमेज एआई

    जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। संत शिरोमणि कवि सूरदास की जन्म स्थली ऐतिहासिक गांव सिही में सीवर के ओवरफ्लो होने से गलियों में जलभराव हो गया है। यहीं से सूर स्मारक और गांव के पुराने महादेव मंदिर में ग्रामीणों का आना-जाना होता है। घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। इस समस्या के प्रति न तो नगर निगम के अधिकारी गंभीर हैं और न ही स्थानीय पार्षद।
    सिही में संत सूरदास जैसे महान कवि का जन्म हुआ है।

    यह राजा बल्लू उर्फ बलराम की नगरी है। राजा बलराम ने ही बल्लभगढ़ को बसाया था। गांव से राजनीतिक रूप से पूर्व सांसद धर्मवीर वशिष्ठ, विधायक पंडित जीवन लाल वशिष्ठ, प्रदेश स्तर के चेयरमैन चौधरी प्रीतम सिंह, सुरेंद्र तेवतिया,नगर निगम के पार्षदों में राजकुमार तेवतिया, बिमलेश रजक, बच्चू सिंह तेवतिया, सुरेंद्र तेवतिया, कुलदीप तेवतिया, कुलवीर तेवतिया रह चुके हैं। गांव में 50 वर्ष से पहले सीवर लाइन डाली गई थी।

    तब सीवर लाइन छोटी डाली गई थी, क्योंकि आबादी मुश्किल से 10 हजार थी। अब गांव की आबादी 30 हजार से ज्यादा है और सीवर लाइन वही पुरानी है। यही कारण है कि आए दिन सीवर लाइन के मेनहोल ओवरफ्लो होते हैं और गलियों में जलभराव लगातार रहता है। इसके चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। समस्या की तरफ नगर निगम भी ध्यान नहीं दे रहा है। यह गांव फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। जहां से नगर निकाय मंत्री विपुल गोयल विधायक हैं।

    नगर निगम सीवर की कभी भी अच्छी तरह से सफाई नहीं करता है। कर्मचारी आते हैं और थोड़ी देर काम करके चलते जाते हैं। कागजों में काम हुआ दिखा दिया जाता है। समस्या का समाधान कराया जाए।
    -मयंक वत्स

    गलियों में ज्यादा जलभराव होने से छोटे बच्चों का बहुत अधिक ध्यान रखना पड़ता है। यदि कोई छोटा बच्चा सड़क पर चल गया तो हादसा हो सकता है।
    -अमित डागर

    सूर स्मारक पर संत सूरदास और गांव के पुराने महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए गांव की महिलाओं का आना-जाना होता है। उन्हें बहुत परेशानी होती है।
    -महेश शर्मा

    गांव की 50 वर्ष पुरानी सीवर लाइन है। एक बार पहले सीवर लाइन डालने की योजना बनाई गई थी। उस योजना पर काम अभी तक नहीं हुआ।
    -योगेंद्र सिंह तेवतिया

    गांव की सीवर लाइन का एक मेनहोल एनएचएआइ ने दबा दिया। गांव की सफाई एक निजी एजेंसी को दी हुई है, जो काम नहीं करती। सीवर लाइन की बकेट मशीन लगाकर सफाई कराई जाएगी, ताकि बार-बार परेशानी न हो।
    -नीलम बरेजा, निगम पार्षद वार्ड नंबर-39

    हमने सीवर लाइन को साफ करने के लिए मशीन को लगा दिया है। गांव में नई सीवर लाइन डालने के लिए 29 करोड़ का बजट बनाया है। जल्दी ही टेंडर लगा दिया जाएगा।
    -संजीव कुमार, कार्यकारी अभियंता नगर निगम ओल्ड फरीदाबाद जोन

    यह भी पढ़ें: फरीदाबाद नगर निगम मुख्यालय के चारों ओर बनेगी 1.76 करोड़ की नई सड़क, मिलेगी राहत

    खबरें और भी