हरियाणा: डॉक्टर्स डे पर भूना CHC को मिली डिजिटल एक्स-रे मशीन, अब नहीं जाना पड़ेगा मुख्यालय
डॉक्टर्स डे पर भूना सीएचसी में एनपीसीआईएल द्वारा भेंट की गई डिजिटल रेडियोग्राफी एक्स-रे मशीन का डीसी डॉ. विवेक भारती ने शुभारंभ किया। ...और पढ़ें

डॉक्टर्स डे पर भूना CHC को मिली डिजिटल एक्स-रे मशीन (जागरण फोटो)
HighLights
डॉक्टर्स डे पर भूना सीएचसी को मिली डिजिटल एक्स-रे मशीन।
एनपीसीआईएल ने सीएसआर के तहत मशीन भेंट की, डीसी ने किया उद्घाटन।
ग्रामीणों को अब त्वरित जांच रिपोर्ट मिलेगी, मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।
जागरण संवाददाता, भूना। डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भूना में एनपीसीआईएल, गोरखपुर द्वारा कार्पोरेट सोशल जिम्मेदारी (सीएसआर) के अंतर्गत भेंट की गई नई डिजिटल रेडियोग्राफी एक्स-रे मशीन का शुभारंभ डीसी डॉ. विवेक भारती द्वारा किया गया।
इस दौरान डीसी ने एक्स-रे मशीन से दिए गए डेमो को भी देखा। साथ ही डीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली। इस अवसर पर डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की आधुनिक मशीनों के आने से स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नई डिजिटल रेडियोग्राफी एक्स-रे मशीन की सुविधा होने से भूना के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को अब हड्डी व छाती की जांच के लिए जिला मुख्यालय पर नहीं जाना पड़ेगा। इस परोपकारी कार्य के लिए डीसी ने एनपीसीआईएल गोरखपुर के अधिकारियों की सराहना की और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डॉक्टर्स डे की बधाई भी दी।
महज कुछ ही सेकेंड में मिलेगी एक्स-रे की रिपोर्ट
मशीन की तकनीकी विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बुधराम ने बताया कि नई डिजिटल रेडियोग्राफी एक्स-रे मशीन के आने से मरीजों को बहुत राहत मिलेगी।
अब टीबी, निमोनिया और फ्रैक्चर जैसी गंभीर बीमारियों व चोटों की जांच रिपोर्ट महज कुछ ही सेकेंड में डाक्टरों और मरीजों को उपलब्ध हो पाएगी। इससे मरीजों के इलाज में देरी नहीं होगी और तत्काल उपचार शुरू किया जा सकेगा। यह आधुनिक तकनीक क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगी।
खबरें और भी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग और एनपीसीआईएल के अधिकारी रहे मौजूद
स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित इस गरिमामयी उद्घाटन कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और चिकित्सा जगत से जुड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। इस अवसर पर मुख्य रूप से सीएसआर एनपीसीआईएल चेयरमैन अनिल कुमार जाखड़, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अमनदीप नैन, डा. तनुजा, डा. एके निराला, डा. दीपक, डा. सनी मल्होत्रा, डा. नरेंद्र भुक्कल, मेजर डा. शरद तूली और रोशन लाल सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।