फतेहाबाद में डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक में घुसी कार, एक की मौत; महिला गंभीर
हिसार-सिरसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ोपल और खारखेड़ी के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक सत्य प्रकाश की मौत हो गई। ...और पढ़ें

फतेहाबाद में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर ट्रक में घुसी कार।
HighLights
हिसार-सिरसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार डिवाइडर से टकराकर ट्रक से भिड़ी
हादसे में कार चालक सत्य प्रकाश की मौत, महिला इंदू गंभीर घायल
फतेहाबाद के बड़ोपल-खारखेड़ी के बीच हुआ यह दर्दनाक हादसा
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। हिसार-सिरसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवाद शाम को बड़ोपल और खारखेड़ी के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सिरसा की तरफ दूसरी लेन से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक का शव वाहन के अंदर ही फंस गया।
हादसे में मृतक की पहचान सिरसा के बंद गेट निवासी 43 वर्षीय सत्य प्रकाश के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान सिरसा के खारिया निवासी 42 वर्षीय इंदू के रूप में हुई। बताया गया कि इंदू, सत्य प्रकाश की धर्मबहन थी।
दोनों किसी निजी कार्य से हिसार गए थे और काम निपटाने के बाद कार से वापस सिरसा लौट रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर से टकराई। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कार से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल महिला को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।