Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फतेहाबाद सुसाइड केस: 17 सेकंड के वीडियो ने खोला राज, बच्चों को जहर मिली शिकंजी पिलाकर कुंड में डाला; फिर मां भी कूदी

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 10:52 PM (IST)

    भट्टूकलां के मेहूवाला गांव में मां और दो बच्चों की मौत का राज मोबाइल वीडियो से खुला। सुदेश ने बच्चों को कीटनाशक मिली शिकंजी पिलाई, फिर उन्हें और खुद क ...और पढ़ें

    फतेहाबाद सुसाइड केस में मां के मोबाइल वीडियो से खुला बच्चों को जहर देने और खुदकुशी का राज।

    फतेहाबाद सुसाइड केस में मां के मोबाइल वीडियो से खुला बच्चों को जहर देने और खुदकुशी का राज।

    HighLights

    1. मां ने बच्चों को कीटनाशक मिली शिकंजी पिलाई

    2. मोबाइल वीडियो में पति की प्रताड़ना का जिक्र

    3. पति संदीप के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी

    संवाद सूत्र, भट्टूकलां (फतेहाबाद)। भट्टू क्षेत्र के गांव मेहूवाला में मां और दो मासूम बच्चों की मौत के मामले में शुक्रवार को बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका सुदेश के मोबाइल फोन से मिले तीन वीडियो ने पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुदेश ने पहले खेत में घास जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक को शिकंजी में मिलाकर अपने दोनों बच्चों ज्योति (9) और बेटे विनीत (8) को पिलाया।

    बच्चे शिकंजी पीने से मना भी कर रहे थे, जिसका करीब 17 सेकंड का वीडियो भी मोबाइल में मिला है। बच्चों के बेहोश होने के बाद उन्हें घर में बने पानी के कुंड में डाल दिया गया। इसके बाद सुदेश ने खुद भी कीटनाशक पीकर कुंड में छलांग लगा दी।

    पुलिस जांच में मिले दूसरे वीडियो में सुदेश अपने पति से परेशान होने और उसके द्वारा मारपीट किए जाने की बात कह रही है। वीडियो में उसने घर की पूरी जिम्मेदारी खुद उठाने और लगातार मानसिक तनाव में रहने का भी उल्लेख किया है। बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी वर्कर सुदेश ही परिवार का अधिकांश खर्च वहन करती थी। पुलिस अब इन वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

    भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ मामला दर्ज

    मृतका के भाई प्रवीण की शिकायत पर पुलिस ने सुदेश के पति संदीप निवासी गांव मेहूवाला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति की प्रताड़ना और घरेलू विवाद के चलते सुदेश ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि सुदेश और संदीप ने करीब 12 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था।

    खबरें और भी

    इंस्टाग्राम पर सक्रिय, आखिरी रील छोड़ गई कई सवाल

    सुदेश इंटरनेट मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 3471 फालोअर्स, 1621 लोगों को वह फालो करती थी, जबकि 463 पोस्ट और रील अपलोड की हुई थीं। अधिकतर रील पंजाबी गीतों पर होती थीं, जिनमें कई बार उसके बच्चे और सास भी नजर आते थे। सावन के दौरान बनाई गई एक रील में उसकी सास उसे हरी चूड़ियां पहनाती दिखाई देती हैं। घटना से कुछ घंटे पहले उसने आंगनबाड़ी कार्यालय में बैठकर एक रील बनाई थी, जिसमें दर्दभरा पंजाबी गीत लगाया गया था।

    पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की आशंका, विसरा रिपोर्ट का इंतजार

    शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना माना गया है, हालांकि शरीर में कीटनाशक की मात्रा और उसके प्रभाव की पुष्टि के लिए विसरा मधुबन स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। भट्टूकलां थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि जहर था या नहीं। जांच के दौरान मोबाइल फोन, वीडियो और फॉरेंसिक रिपोर्ट को अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा।