मानसिक रूप से बीमार पिता ने मासूम बेटी को भाखड़ा नहर में फेंका, फतेहाबाद के रतिया में तलाश जारी
रतिया के खुन्नन गांव में एक मानसिक रूप से परेशान पिता ने अपनी पांच वर्षीय बेटी गुरनूर को भाखड़ा नहर में फेंक दिया। ...और पढ़ें
-1784710412095_m.webp)
मौके पर मौजूद पुलिस, स्वजन व ग्रामीण (फोटो: जागरण)
HighLights
मानसिक रूप से परेशान पिता ने बेटी को नहर में फेंका।
पांच वर्षीय मासूम बच्ची गुरनूर की तलाश जारी है।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया।
संवाद सूत्र, रतिया/फतेहाबाद। क्षेत्र के गांव खुनन में बुधवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव निवासी गुरप्रीत, जो पेशे से किसान है और पिछले दो-तीन वर्षों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा है, बहबलपुर स्थित स्कूल पहुंचा।
वहां से वह अपनी पांच वर्षीय छोटी बेटी गुरनूर को घर ले जाने के बहाने साथ ले आया। कुछ समय पश्चात घर पहुंचकर गुरप्रीत ने स्वजनों व ग्रामीणों को बताया कि वह अपनी बेटी को भाखड़ा नहर में फेंक आया है। यह सुनते ही स्वजन स्तब्ध रह गए और उन्होंने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
रोजांवाली के पास गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद सदर थाना प्रभारी शीशपाल के नेतृत्व में पुलिस गुरप्रीत को साथ लेकर उसके बताए अनुसार रोजांवाली क्षेत्र में स्थित भाखड़ा नहर के पुल के पास पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बच्ची की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया है, जिसके माध्यम से सर्च अभियान चलाया जाएगा। पुलिस गुरप्रीत से लगातार पूछताछ कर रही है।
हर पहलू से गहन जांच में जुटी पुलिस
सदर थाना प्रभारी शीशपाल ने बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर व्यक्ति के मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई है और उसका उपचार भी चल रहा है, लेकिन सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस स्वजनों व अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है।