गुरुग्राम फार्म हाउस पर कब्जे के मामले में 13 गिरफ्तार, प्रॉपर्टी डीलर विपिन मास्टरमाइंड
पुलिस ने गुरुग्राम के भोंडसी में एक फार्म हाउस पर जबरन कब्जा करने के मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने केयरटेकर और उसके परिवार के ...और पढ़ें

पुलिस ने गुरुग्राम के भोंडसी में एक फार्म हाउस पर जबरन कब्जा करने के मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
गुरुग्राम के भोंडसी में फार्म हाउस पर अवैध कब्जा।
केयरटेकर व परिवार से मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी।
प्रॉपर्टी डीलर विपिन सहित 13 आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। भोंडसी थाना क्षेत्र के महेंदरवाड़ा गांव स्थित एक फार्म हाउस पर धावा बोलकर जबरन कब्जा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने फार्म हाउस में घुसकर केयरटेकर और उसके परिवार के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ की और सामान चोरी कर परिसर पर कब्जा जमा लिया था। पुलिस ने मौके से अवैध कब्जा हटाकर फार्म हाउस को मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार, पांच अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे 50 से 60 लोग ट्रैक्टर, ट्रकों और कार में सवार होकर फार्म हाउस पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जबरन परिसर में प्रवेश कर कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार का प्रयास किया।
इसके बाद सीसीटीवी कैमरे, नामपट्ट और कमरों में तोड़फोड़ कर वहां रखा सामान चोरी कर लिया। आरोपितों ने केयरटेकर के पालतू कुत्ते के साथ भी मारपीट की और उसे भी अपने साथ ले गए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अगले ही दिन कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस पर अवैध कब्जा किए बैठे पलवल जिले के अंधवा पट्टी निवासी राकेश, गांव लुलवाड़ी निवासी हर्ष कुमार, गांव भवाना निवासी प्रशांत, मथुरा जिले के गांव गोपाल बाग निवासी जितेन्द्र, गांव दमदमा निवासी प्रदीप कुमार समेत 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पूरी वारदात गुरुग्राम के प्रापर्टी डीलर विपिन के इशारे पर योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपित विपिन के देव नगर पार्ट-दो स्थित कार्यालय और मकान से चोरी किए गए तीन पुराने एसी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, घास काटने की मशीन, कैंची सहित अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल एक कार, ट्रैक्टर-ट्राली और जनरेटर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।