विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आरोपी का इरादा जान से मारने का था', गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामले में पुलिस का बयान; 2 गिरफ्तार

Published: Tue, 15 Sep 2026 04:46 PM (IST)Updated: Tue, 15 Sep 2026 04:57 PM (IST)

गुरुग्राम पुलिस ने गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर मारकर भागने वाले आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights

  1. महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी।

  3. आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान भागने का प्रयास किया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान को टक्कर मारकर भागने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

अपराध शाखा सोहना की टीम ने मंगलवार सुबह आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा-राजगढ़ के बीच से पकड़ा। पुलिस जांच और महिला के बयान से पता चला कि आरोपी ने महिला से अभद्र व्यवहार किया था।

जब महिला ने इसका विरोध जताया तो उसने जान से मारने की कोशिश में कार से टक्कर मारी और वहां से भाग निकला।

डीसीपी ईस्ट संदीप कुमार ने बताया कि घटनास्थल की गहन जांच और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर इस मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई है।

पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद मामले में जुड़ीं ये धाराएं

वहीं पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद केस में महिला को परेशान, अभद्रता और पीछा करने से संबंधित धारा 78, 79 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी अपने गांव पलवल के चांदहट पहुंचा था। वहां उसने मीडिया को इंटरव्यू देकर अपना मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गया था।

उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं। पुलिस ने बताया कि महिला बाइकर के मंगलवार शाम गुरुग्राम कोर्ट में 164 सीआरपीसी के तहत बयान कराए गए हैं।

जानबूझकर मारी टक्कर

दिल्ली के कालकाजी की रहने वाली युवती शिवानी चौहान ने रविवार रात इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने पहले इसमें लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में केस दर्ज किया था।

मंगलवार को इसमें अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। शिवानी चौहान ने बताया कि वह रविवार को अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर जा रही थीं। इसी दौरान सियाज कार उनके बराबर में चलने लगी।

जब उन्होंने दूरी बनाने के लिए कहा तो कार सवारों ने बदतमीजी और इशारेबाजी की। विरोध कर शिवानी ने स्पीड बढ़ा दी। उनके एक साथी ने कार से उन्हें कवर भी किया।

इसके बाद कार सवार आरोपी अपनी कार दाहिनी तरफ से लाया और लेन बदलते हुए जानबूझकर टक्कर मारते हुए फरार हो गया। पूरी घटना बाइक पर लगे कैमरे में कैद हो गई।

लघुशंका करने के बहाने भागने की कोशिश में गिरकर घायल

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी कल्याण बैसला ने लघुशंका करने के बहाने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। भागने के दौरान गिरने से उसे हाथ में चोटें आई हैं।

उसका प्राथमिक उपचार करवाया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है, जो उसके दोस्त के नाम पर है।

डीसीपी ने बताया कि जब आरोपी को पकड़ा गया तो उसका एक अन्य साथी भी उसके साथ था। दोनों आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया जाएगा।

रिमांड के दौरान घटना के बारे में गंभीरता से पूछताछ की जाएगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि विवाद कहां से शुरू हुआ। घटनास्थल के सीसीटीवी की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम हिट एंड रन केस में घायल सिया बयान दर्ज कराने पहुंचीं कोर्ट, पुलिस सुरक्षा में हुईं पेश

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम हिट एंड रन केस का आरोपी कल्याण बैंसला राजस्थान से गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का चलेगा केस