गुरुग्राम की DLF सिटी में अब पाइप्ड गैस की राह आसान, हजारों परिवार को मिलेगा सुरक्षित और सस्ता विकल्प
डीएलएफ यूटिलिटीज ने हरियाणा सिटी गैस को डीएलएफ फेज 1-4 में पीएनजी नेटवर्क विकसित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इससे गुरुग्राम के 50,000 से अधिक परि ...और पढ़ें

डीएलएफ सिटी में अब पाइप्ड गैस की राह आसान। (AI Generated Image)
HighLights
डीएलएफ फेज 1-4 में पीएनजी नेटवर्क को मिली मंजूरी।
50 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगा सुरक्षित गैस।
परियोजना में ट्रेंचलेस तकनीक का उपयोग होगा।
गौरव सिंगला, नया गुरुग्राम। डीएलएफ यूटिलिटीज कंपनी ने हरियाणा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन को डीएलएफ फेज एक से चार में पीएनजी नेटवर्क विकसित करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है।
इस फैसले के बाद डीएलएफ फेज-1 से फेज-4 तक के 50 हजार से अधिक परिवारों को जल्द ही पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
करीब 1600 एकड़ में फैली डीएलएफ सिटी, गुरुग्राम की सबसे पुरानी, व्यवस्थित और पाश लाइसेंसी कालोनियों में गिनी जाती है। यहां वर्तमान में लगभग 3 से 4 लाख की आबादी निवास करती है।
करीब 15 हजार प्लाट्स पर स्टिल्ट प्लस चार, तीन मंजिला मकान और स्वतंत्र कोठियां बनी हुई हैं। ऐसे में पीएनजी सुविधा लागू होने से बड़ी आबादी को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा और यह इलाका आधुनिक शहरी सुविधाओं के नए मानक स्थापित करेगा।
जनहित में बड़ा फैसला
डीएलएफ यूटिलिटीज ने इस परियोजना को बढ़ावा देने के लिए बड़ा जनहितकारी निर्णय लेते हुए हरियाणा सिटी गैस से राइट आफ वे के उपयोग के लिए कोई शुल्क नहीं लिया है।
जानकारों के अनुसार यह शुल्क करोड़ों रुपये में हो सकता था। इस कदम से परियोजना की लागत कम होगी और इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
परियोजना के क्रियान्वयन के लिए सख्त दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। पाइपलाइन बिछाने के लिए ट्रेंचलेस तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे सड़कों और यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़ेगा।
इसके अलावा, विस्तृत रूट मैप, ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (जीपीआर) सर्वे और अन्य तकनीकी जांच अनिवार्य होगी ताकि भूमिगत सुविधाओं को कोई नुकसान न पहुंचे। कार्य पूरा होने के बाद सड़कों, फुटपाथ और हरित क्षेत्र को पहले जैसा बहाल करना भी अनिवार्य रहेगा।
पायलट प्रोजेक्ट के बाद होगा विस्तार
डीएलएफ यूटिलिटीज और हरियाणा सिटी गैस के बीच जल्द ही तकनीकी और संचालन से जुड़े पहलुओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। शुरुआत एक पायलट प्रोजेक्ट से होगी जिसके सफल क्रियान्वयन के बाद इसे पूरे डीएलएफ सिटी में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। अगले कुछ सप्ताह के भीतर कार्य शुरू होने की संभावना है।
पीएनजी कनेक्टिविटी शहरी जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक अहम पहल है। इससे एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और निवासियों को एक भरोसेमंद व सतत ऊर्जा समाधान मिलेगा।
नित्या मोहन, फैसिलिटी मैनेजमेंट हेड, डीएलएफ यूटिलिटीज
खबरें और भी
पीएनजी कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद लोगों को गैस सिलिंडर की बुकिंग, स्टोरेज और रिसाव जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। डीएलएफ इलाके के लोगों के लिए यह बड़ी सुविधा होगी और सालो से लोग इसकी मांग कर रहे थे। हमने डीएलएफ यूटिलिटीज से मांग की हैं कि इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और एचसीजी के साथ डीएलएफ प्रबंधन पूरी तरीके से सहयोग करें।
ध्रुव बंसल, संयोजक, रेसिडेंट्स ग्रुप, डीएलएफ