गुरुग्राम में 16 किमी सड़क से हटाया अतिक्रमण, 350 कब्जों पर चला जीएमडीए का बुलडोजर
जीएमडीए ने गुरुग्राम में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिसमें 16 किमी सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान 350 से अधिक स्था ...और पढ़ें

जीएमडीए ने गुरुग्राम में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
HighLights
जीएमडीए ने गुरुग्राम में 16 किमी सड़क अतिक्रमण मुक्त की।
अभियान में 350 स्थायी और अस्थायी कब्जे हटाए गए।
सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक जमीन पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के दौरान करीब 16 किमी सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
जीएमडीए की 12 इन्फोर्समेंट टीमों ने 36 अधिकारियों-कर्मचारियों और 14 जेसीबी मशीनों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 200 स्थायी और 150 अस्थायी अतिक्रमण हटाए।
जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा के निर्देश पर शुरू किए गए अभियान के पहले दिन मुख्य फोकस पुराने गुरुग्राम पर रहा। चर्च गेट से रेलवे स्टेशन तक ओल्ड रेलवे रोड, धनवापुर रोड, सेक्टर 4-9 और सेक्टर-5-6 की डिवाइडिंग रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा सेक्टर-81, 82, 82ए, 85, 86, 89, 90 और 93 के विभिन्न हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाया गया। सड़क और फुटपाथ की चौड़ाई कम करने वाले कमरे, चारदीवारी, पक्के शेड, खोखे, कियोस्क, निर्माण सामग्री और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए गए।
15 से 20 फीट तक सड़क क्षेत्र कराया खाली
ओल्ड रेलवे रोड पर करीब 15 फीट तक अतिक्रमण मुक्त स्थान बहाल किया गया। धनवापुर रोड पर भी लगभग 15 फीट क्षेत्र खाली कराया गया, जबकि सेक्टर-4-7 की डिवाइडिंग रोड पर करीब 20 फीट सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। जीएमडीए की टीमों ने सड़कों के साथ फुटपाथ और सार्वजनिक राइट आफ-वे (आरओडब्ल्यू) पर किए गए कब्जों को भी हटाया।
खबरें और भी
ग्रीन बेल्ट में किए गए अवैध विस्तार भी तोड़े
अभियान के दौरान ग्रीन बेल्ट में किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की गई। करीब 15 संपत्तियों में चारदीवारी और अन्य निर्माण के जरिए ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में विस्तार पाया गया। टीमों ने इन अवैध विस्तारों के तहत बनाए गए स्थायी कमरों और अन्य ढांचों को हटाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जमीन पर किसी भी तरह के कब्जे को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण हटाना ही नहीं, सार्वजनिक स्थान वापस दिलाना लक्ष्य
जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित तरीके से लोगों को वापस उपलब्ध कराना है। सड़कें और फुटपाथ सार्वजनिक उपयोग के लिए हैं और इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जा सकता।
20 प्रतिशत लोगों ने खुद हटाया अतिक्रमण
अभियान के दौरान अधिकारियों ने कई स्थानों पर लोगों को समझाकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित किया। जीएमडीए के अनुसार चिह्नित उल्लंघनों में करीब 20 प्रतिशत अतिक्रमण लोगों ने खुद हटा लिया। सार्वजनिक उद्घोषणा के जरिए अतिक्रमणकारियों को कार्रवाई के बाद बचा मलबा 24 घंटे के भीतर हटाने के निर्देश भी दिए गए। ऐसा नहीं करने पर जीएमडीए स्वयं मलबा हटाएगा और इसका खर्च संबंधित अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा।
300 किमी आरओडब्ल्यू को अतिक्रमण मुक्त कराने का लक्ष्य
जीएमडीए के अधिकारियों के अनुसार जीएमडीए का लक्ष्य गुरुग्राम में करीब 300 किमी सार्वजनिक राइट आफ-वे को अतिक्रमण मुक्त कराना है। चिह्नित क्षेत्रों के पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।