विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में मिसिंग लिंक रोड का निर्माण शुरू, बेहतर कनेक्टिविटी से इन सेक्टर के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Sun, 30 Aug 2026 09:02 AM (IST)

गुरुग्राम में सेक्टर 68 और 69 के बीच जीएमडीए ने मिसिंग लिंक रोड का निर्माण शुरू किया है। इससे एसपीआर ...और पढ़ें

दिल्ली-जयपुर हाईवे की इस ड्रेन की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। जागरण

दिल्ली-जयपुर हाईवे की इस ड्रेन की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। जागरण

HighLights

  1. सेक्टर 68-69 के बीच मिसिंग लिंक रोड का निर्माण शुरू।

  2. एसपीआर और सोहना रोड के बीच कनेक्टिविटी होगी आसान।

  3. फुटपाथ, साइकिल ट्रैक और जल निकासी की सुविधा भी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में सेक्टर 68 और 69 के बीच आवागमन को आसान बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सेक्टर डिवाइडिंग रोड पर मिसिंग लिंक का निर्माण शुरू कर दिया है।

इस सड़क के बनने के बाद साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) और सोहना रोड के बीच एक अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे सेक्टर 68, 69 के अलावा 70, 70ए, 75 और 76 के लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

नई मुख्य सड़क बनाई जाएगी

परियोजना के तहत करीब 900 मीटर लंबी नई मुख्य सड़क बनाई जाएगी। वहीं, करीब 1100 मीटर मौजूदा सड़क पर ओवरले का काम किया जाएगा। स्थानीय यातायात को मुख्य सड़क से अलग रखने के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी नई दो-लेन सर्विस रोड भी विकसित की जाएगी।

इससे आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों को बेहतर रास्ता मिलेगा और मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

पैदल और साइकिल से चलने वालों के लिए भी सुविधा

जीएमडीए ने सड़क निर्माण में केवल वाहनों की आवाजाही पर ही फोकस नहीं किया है। मार्ग पर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और साइकिल चालकों के लिए साइकिल ट्रैक भी बनाया जाएगा। इसके साथ हार्टिकल्चर का काम कर सड़क के आसपास हरियाली विकसित की जाएगी, जिससे नया कारिडोर अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा सके।

वर्षा में जलभराव से भी मिलेगी राहत

क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को देखते हुए सड़क के साथ सरफेस ड्रेन भी बनाई जाएंगी। इससे वर्षा के दौरान पानी की निकासी बेहतर तरीके से हो सकेगी और सड़क पर जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। जीएमडीए की योजना सड़क को यातायात के साथ-साथ पैदल और साइकिल आवागमन के लिहाज से भी सुविधाजनक बनाने की है।

12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीसी मीणा ने बताया कि काम मौके पर शुरू हो चुका है और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना को 12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि शहर में अधूरी सड़क कड़ियों को जोड़कर कनेक्टिविटी बेहतर करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: क्रिकेट अकादमी में खेलते समय रोड रोलर की चपेट में आया 8 साल का मासूम, मौके पर मौत