गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: क्रिकेट अकादमी में खेलते समय रोड रोलर की चपेट में आया 8 साल का मासूम, मौके पर मौत
गुरुग्राम के काकरौला गांव स्थित क्रिकेट अकादमी में रोड रोलर की चपेट में आने से आठ वर्षीय मासूम की मौत ...और पढ़ें

आकाश की फाइल फोटो व अकादमी में खड़े इसी रोड रोलर से हुआ हादसा। सौ- स्थानीय निवासी
HighLights
काकरौला क्रिकेट अकादमी में आठ वर्षीय मासूम की मौत।
रोड रोलर की चपेट में आने से हुई दर्दनाक घटना।
बच्चों ने दीवार फांदकर अकादमी में प्रवेश किया था।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के काकरौला गांव स्थित क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम की जान चली गई। चार बच्चे दीवार फांदकर अकादमी परिसर में खेलने के लिए घुसे थे।
खेलते-खेलते वे मैदान को समतल करने के लिए खड़े रोड रोलर पर चढ़ गए। इसी दौरान एक बच्चे ने रोड रोलर का मिनिएचर सर्किट ब्रेकर (एमसीबी) चालू कर दिया। मशीन चलने लगी और इसी दौरान आठ वर्षीय आकाश कुमार उसकी चपेट में आ गया।
करीब 750 किलोग्राम वजन के रोड रोलर से कुचलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद तीनों बच्चे डरकर वहां से भाग गए। आकाश का बड़ा भाई नील भी घर पहुंचा और स्वजन को बताया कि आकाश को चोट लगी है। स्वजन उस समय हादसे की गंभीरता से अनजान थे और आकाश की तलाश करते रहे।
कुछ देर बाद अकादमी पहुंचे खिलाड़ियों ने मैदान में आकाश को खून से लथपथ पड़ा देखा। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आकाश को वाहन से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लुका-छिपी खेलते हुए पहुंच गए रोड रोलर तक
पुलिस के अनुसार, आकाश शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने बड़े भाई नील और दो अन्य बच्चों के साथ अकादमी में पहुंचा था। चारों बच्चे दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और वहां लुका-छिपी खेलने लगे। अकादमी में क्रिकेट पिच और मैदान को समतल करने के लिए रोड रोलर खड़ा था।
खेलते समय बच्चे उसके ऊपर चढ़ गए। इसी दौरान एक बच्चे ने अनजाने में एमसीबी चालू कर दी। रोड रोलर चल पड़ा और आकाश अचानक उसके आगे गिर गया। वह मशीन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही क्षण में उसकी मौत हो गई।
अकादमी में प्रशिक्षण नहीं लेते थे बच्चे
परिवार मूलरूप से बिहार के नालंदा जिले के जेठियार गांव का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार काकरौला गांव के आसपास रहकर मजदूरी करता है। परिवार में सात बच्चे हैं।
पुलिस के मुताबिक, आकाश और उसके साथ गए तीनों बच्चे अकादमी में क्रिकेट का प्रशिक्षण नहीं लेते थे। वे केवल खेलने के लिए चुपके से दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए थे।
पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर बिहार रवाना हुए स्वजन
हादसे की सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र ने बताया कि स्वजन की ओर से किसी आपराधिक घटना या लापरवाही को लेकर शिकायत नहीं दी गई है।
स्वजन के लिखित बयान के आधार पर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। स्वजन शव लेकर बिहार के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में बाघ के हमले से किसान की मौत के बाद ग्रामीणों ने 16 घंटे किया चक्का जाम, फाड़ी वन दारोगा की वर्दी
यह भी पढ़ें- 2 मौतों के बाद खौफ में बलिया गांव: बिजनौर का 'रैनी जंगल' बना तेंदुओं का खतरनाक गलियारा
