Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम के एआइटी चौक पर जलभराव से मिलेगी राहत, जीएमडीए ने ड्रेनेज नेटवर्क को किया मजबूत

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 11:31 AM (IST)

    गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) एआइटी चौक पर ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण कार्य कर रहा है, जिससे बरसाती पानी की निकासी तेज़ होगी और जलभराव कम होगा। ...और पढ़ें

    गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) एआइटी चौक पर ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण कार्य कर रहा है। इमेज एआई

    गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) एआइटी चौक पर ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण कार्य कर रहा है। इमेज एआई

    HighLights

    1. एआइटी चौक पर ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण कार्य जारी है।

    2. 300 मीटर लंबी नई स्टॉर्म वाटर ड्रेन बिछाई गई।

    3. छह नए सतही जल निकासी चैनल बनाए गए हैं।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा एआइटी चौक पर ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूरा होने से बरसाती पानी की निकासी तेज़ होगी, ड्रेनेज नेटवर्क की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा भारी वर्षा के दौरान इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या कम होगी। इससे यातायात संचालन भी अधिक सुचारु रह सकेगा।

    जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि शहर के चिह्नित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। एआइटी चौक पर किए जा रहे कार्यों से ड्रेनेज नेटवर्क की जल वहन क्षमता बढ़ेगी, बरसाती पानी का तेजी से निकास होगा तथा इस मुख्य चौराहे पर जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

    पीसी मीणा ने बताया कि सेक्टर 54-55 मास्टर रोड पर स्थित पुलिस चौकी के निकट 600 मिमी की डबल लाइन आरसीसी पाइपों से लगभग 300 मीटर लंबी नई स्टाम वाटर ड्रेन बिछाई गई है, जो एआइटी चौक को क्रीक नंबर चार से जोड़ती है। इस नई ड्रेन के माध्यम से अरावली क्षेत्र और सनसिटी की ओर से आने वाले बरसाती पानी को स्मृति वाटिका पार्क की ओर मोड़ते हुए क्रीक नंबर-4 तक पहुंचाया जाएगा, जिससे एआइटी चौक पर जलभराव की स्थिति में कमी आएगी।

    तीन चैनल एआइटी चौक पर बनाएं

    इसके अलावा मुख्य सड़क पर बरसाती पानी का शीघ्र निकास सुनिश्चित करने के लिए छह नए सतही जल निकासी चैनलों का निर्माण किया गया है। इनमें तीन चैनल एआइटी चौक की रोटरी पर तथा तीन पुलिस चौकी के निकट बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से पानी को क्रीक नंबर-4 तक पहुंचाया जाएगा।

    खबरें और भी

    साथ ही, विभिन्न स्थानों पर नई रोड नालियों का निर्माण भी किया जा रहा है, ताकि सड़क पर जमा पानी तुरंत ड्रेनेज नेटवर्क में पहुंच सके। इन कार्यों से सड़कों पर जलभराव की संभावना कम होगी और यातायात संचालन भी बेहतर रहेगा।

    एआइटी चौक से गांव घाटा तक लगभग

    एआइटी चौक पर चल रहे ये कार्य पहले से विकसित ड्रेनेज नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। इससे पहले जीएमडीए द्वारा सड़क के दोनों ओर लगभग 1,100 मीटर लंबी सतही नालों तथा एआइटी चौक से गांव घाटा तक लगभग 1900 मीटर लंबी मास्टर स्टार्म वाटर ड्रेन का निर्माण किया जा चुका है।

    सतही नालों को इस मास्टर ड्रेन से जोड़ा गया है, जो आगे सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) के साथ स्थित लेग-3 (बादशाहपुर ड्रेन) में मिलती है। इस एकीकृत ड्रेनेज नेटवर्क से बरसाती पानी का निर्बाध और तेज प्रवाह सुनिश्चित होगा तथा भारी वर्षा के बाद जलभराव की संभावनाओं में कमी आएगी।

    एआइटी चौक पर किए जा रहे ये कार्य जीएमडीए द्वारा शहरभर में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा हैं। इसके तहत गुरुग्राम के विभिन्न जलभराव संभावित स्थानों पर नालों से गाद निकालने, ड्रेनेज नेटवर्क की कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने, अतिरिक्त रोड गलियों के निर्माण तथा नई स्टार्म वाटर ड्रेनेज अवसंरचना के निर्माण जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
    -पीसी मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जीएमडीए

    यह भी पढ़ें: गुरुग्राम की रायपुर पहाड़ी पर मिला एक महीने पुराना कंकाल, इलाके में फैली सनसनी