जरा सी लापरवाही में गई जान; गुरुग्राम में सिक्योरिटी गार्ड ने मुंह से खोली कीटनाशक की बोतल, अस्पताल में मौत
गुरुग्राम के भोंडसी में मारुति कुंज में कार्यरत 56 वर्षीय सुरक्षा गार्ड सरजीत की कीटनाशक दवा मुंह में जाने से मौत हो गई। अलीगढ़ निवासी सरजीत ने बोतल क ...और पढ़ें

सिक्योरिटी गार्ड ने मुंह से खोला था कीटनाशक की बोतल का ढक्कन। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
गुरुग्राम में गार्ड कीटनाशक दवा निगलने से मौत
बोतल का ढक्कन मुंह से खोलने का प्रयास किया
पांच दिन अस्पताल में इलाज के बाद निधन
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। भोंडसी थाना क्षेत्र के मारुति कुंज में कार्यरत एक सुरक्षा गार्ड की कीटनाशक दवा मुंह में चले जाने से शुक्रवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव गुरस किरण निवासी 56 वर्षीय सरजीत घमडोज गांव में अपनी मां के साथ अपने मौसा के पास रह रहा था। वह अविवाहित था और मारुति कुंज क्षेत्र में गार्ड की नौकरी करता था।
पांच दिन बाद अस्पताल में मौत
बताया गया कि करीब पांच दिन पहले सरजीत कीटनाशक दवा की बोतल खोल रहा था। इसी दौरान उसने मुंह से बोतल का ढक्कन खोलने का प्रयास किया, जिससे जहरीला पदार्थ उसके मुंह के जरिए शरीर में चला गया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों ने उसे तुरंत बादशाहपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पिछले पांच दिनों से उसका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर भोंडसी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।