गुरुग्राम अस्पताल निरीक्षण में मिली बड़ी लापरवाही, कबाड़ में पड़ा मिला पुराना सैंपल
गुरुग्राम के सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में औचक निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड के बाहर दो महीने पुराना मेडिकल सैंपल कबाड़ में मिला, जिससे अस्पताल प्रब ...और पढ़ें
-1778624300700_m.webp)
सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के औचक निरीक्षण। (एआई जेनरेटेड फोटो)
HighLights
इमरजेंसी वार्ड के बाहर मिला दो माह पुराना सैंपल।
सामान्य मरीज रेड जोन में भर्ती, फाइलें अधूरी पाई गईं।
एंबुलेंस चालक नदारद, फ्लीट मैनेजर की छुट्टी में अनियमितता।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के औचक निरीक्षण ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड के बाहर कबाड़ में दो महीने पुराना मेडिकल सैंपल मिलने से अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जाना था, लेकिन वह धूल फांकता मिला। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित स्टाफ से जवाब मांगा गया।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक रिप्पुदमन सिंह ढिल्लों, महानिदेशक स्वास्थ्य डा. मनीष बंसल और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने मंगलवार सुबह अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।
सामान्य मरीज भर्ती मिलने पर भी अधिकारियों ने आपत्ति जताई
पाया गया कि कई भर्ती मरीजों का उपचार केवल ओपीडी कार्ड के आधार पर किया जा रहा था, जबकि नियमानुसार उनकी अलग फाइल तैयार होना जरूरी है। इमरजेंसी के रेड जोन में सामान्य मरीज भर्ती मिलने पर भी अधिकारियों ने आपत्ति जताई। कहा कि यह क्षेत्र आपात स्थिति के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
इमरजेंसी वार्ड के बाहर आटो खड़े मिलने और एंबुलेंस में चालक मौजूद न होने पर भी अस्पताल प्रशासन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस संचालन से जुड़े फ्लीट मैनेजर की छुट्टी प्रक्रिया में भी अनियमितता सामने आई।