गुरुग्राम में दोस्त की रिवॉल्वर से चली गोली, युवक की मौत; पुलिस की जांच जारी
गुरुग्राम के बहरामपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। दोस्त की लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली उसके सिर में जा लगी, ...और पढ़ें

गुरुग्राम में दोस्ती की रिवॉल्वर से गोली चलने से युवक की मौत। (फोटो- प्रतीकात्मक)
HighLights
गुरुग्राम में दोस्त की गोली लगने से युवक की मौत।
लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली, पुलिस ने दोस्त को पकड़ा।
पुलिस जांच कर रही है कि गोली जानबूझकर चली या गलती से।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-65 थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर में बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली से एक युवक की मौत हो गई। पार्टी के लिए कार से जा रहे दो दोस्तों में से एक के पास रखी रिवाल्वर से अचानक गोली चल गई, जो दूसरे दोस्त के सिर में लग गई।
पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में लेकर उसके पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर कब्जे में ले ली है। गोली जानबूझकर चली या गलती से, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार बहरामपुर गांव निवासी लक्की के घर बुधवार रात करीब आठ बजे उसका दोस्त आकाश आया था। 28 वर्षीय आकाश दिल्ली के बदरपुर का रहने वाला था।
गोली लगते ही आकाश कार में बेहोश होकर गिर पड़ा
दोनों ने पार्टी का प्लान बनाया और कार से निकले। इसी दौरान लक्की के पास उसके पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर थी। पुलिस का कहना है कि कार में रिवाल्वर देखते समय अचानक गोली चल गई और यह सीधे आकाश के सिर में जा लगी। गोली लगते ही आकाश कार में बेहोश होकर गिर पड़ा। लक्की उसे तुरंत सेक्टर 57 स्थित मेरिंगो अस्पताल ले गया।
वहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर 65 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपित लक्की से पूछताछ शुरू कर दी। थाना पुलिस ने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि गोली हत्या के इरादे से चलाई गई या यह महज एक हादसा था।
खबरें और भी
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए
यह भी जांच की जा रही है कि आरोपित अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर कार में कैसे लेकर आया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।