Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम मेट्रो का महा-प्लान तैयार, सेक्टर-56 से पचगांव तक रूट फाइनल; 35km के कॉरिडोर में होंगे 28 स्टेशन

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 10:38 PM (GMT+05:30)

    सेक्टर-56 रैपिड मेट्रो स्टेशन से पचगांव चौक तक 35.25 किमी लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित है, जिसकी डीपीआर तैयार है। यह विस्तार साइबर सिटी से ...और पढ़ें

    गुरुग्राम मेट्रो के विस्तार का प्लान तैयार। फोटो: आर्काइव

    गुरुग्राम मेट्रो के विस्तार का प्लान तैयार। फोटो: आर्काइव

    HighLights

    1. सेक्टर-56 से पचगांव तक 35.25 किमी मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित

    2. साइबर सिटी, मानेसर को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, ट्रैफिक घटेगा

    3. पचगांव चौक बनेगा बड़ा जंक्शन, RRTS कॉरिडोर से जुड़ेगा

    आदित्य राज, गुरुग्राम। सेक्टर-56 रैपिड मेट्रो स्टेशन से पचगांव चौक तक मेट्रो विस्तार के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही स्वीकृति के लिए रिपोर्ट मुख्यमंत्री के पास भेजी जाएगी।

    यह जानकारी सोमवार को चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट काॅरपोरेशन (एचएमआरटीसी) की 65वीं बोर्ड बैठक में दी गई। प्रस्तावित मेट्रो काॅरिडोर लगभग 35.25 किलोमीटर लंबा होगा। यह पूरी तरह एलिवेटेड होगा।

    इसके विकसित होने से साइबर सिटी से लेकर आईएमटी मानेसर से आगे तक की तस्वीर बदल जाएगी। लाखों लोगों को इससे लाभ होगा। अधिकतर इलाके मेट्रो से सीधे जुड़ जाएंगे।

    साइबर सिटी में एंबियंस माल के सामने से लेकर सेक्टर-56 तक रैपिड मेट्रो की सुविधा है। रैपिड मेट्रो काॅरिडोर सिकंदरपुर में दिल्ली मेट्रो के काॅरिडोर से जुड़ा है। मेट्रो विस्तार के लिए सेक्टर-56 में इंटरनेट बनाया जाएगा।

    नया कॉरिडोर रैपिड मेट्रो से जुड़ेगा 

    इससे नया काॅरिडोर सेक्टर-56 रैपिड मेट्रो स्टेशन से जुड़ जाएगा। आगे पचगांव चौक तक कुल 28 स्टेशन होंगे। डीपीआर तैयार होने के बाद अब उम्मीद है कि जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी।

    नया काॅरिडोर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरेगा। मानेसर के आसपास विकसित व आगे विकसित होने वाली अधिकतर सोसायटियाें की मेट्रो से कनेक्टिविटी होगी।

    अंदाजा लगाया जा रहा है कि 30 से अधिक गांवों की मेट्रो से कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। इससे गुरुग्राम इलाके में सिरहौल बाॅर्डर से लेकर पचगांव चौक तक दिल्ली-जयपुर हाईवे ही नहीं बल्कि शहर व आसपास की अधिकतर सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा।

    पचगांव चौक बनेगा बड़ा जंक्शन

    पचगांव चौक आने वाले समय में बड़ा जंक्शन बनेगा। यहां पर मेट्रो काॅरिडोर दिल्ली से लेकर अलवर तक प्रस्तावित रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) काॅरिडोर से जुड़ेगा। इससे दिल्ली मेट्रो एवं रैपिड मेट्रो के यात्री अलवर तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

    उन्हें अलवर तक जाने के लिए कहीं भी मेट्रो स्टेशन से बाहर नहीं निकलना पड़ा। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से आगे पुराना गुरुग्राम होते हुए एंबियंस माॅल के सामने रैपिड मेट्रो स्टेशन तक नए काॅरिडोर का निर्माण चल रहा है।

    खबरें और भी

    इस काॅरिडोर से आरआरटीएस काॅरिडोर हीरो होंडा चौक के नजदीक जुड़ेगा। इस तरह कहीं से भी कहीं जाने के लिए मेट्रो की सुविधा हासिल की जा सकेगी। बता दें कि मेट्रो यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

    इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में 80.76 लाख यात्रियों ने रैपिड मेट्रो सेवा का उपयोग किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 73.81 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 9.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

    पचगांव चौक तक मेट्रो विस्तार के बाद साइबर सिटी से लेकर आईएमटी मानेसर से आगे तक की तस्वीर बदल जाएगी। अधिकतर इलाके मेट्रो से सीधे जुड़ जाएंगे। इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। दबाव कम होने से प्रदूषण का स्तर कम होगा।

    जितनी जल्दी हो जमीनी स्तर पर काम शुरू किया जाए। प्रदेश व केंद्र सरकार ने बेहतर योजना बनाई है। मानेसर से आगे एचएसआईआईडीसी के कई प्रोजेक्ट आने वाले हैं। आरआरटीएस काॅरिडोर विकसित करने पर भी काम अब शुरू हो जाना चाहिए।

    - नरेंद्र यादव, अध्यक्ष, गुरुग्राम होम डेवलपर्स एसोसिएशन

    पुराने गुरुग्राम के इलाके में मेट्रो का विस्तार चल ही रहा है। सेक्टर-56 से पचगांव चाैक तक एवं गुड़गांव रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक मेट्रो काॅरिडोर विकसित करने की योजना बन चुकी है।

    मेरा मानना है कि भोंडसी की बजाय सोहना तक यदि कारिडोर विकसित कर दिया जाता है तो शहर ही नहीं बल्कि जिले के अधिकतर इलाके मेट्रो से सीधे जुड़े जाएंगे।

    पालम विहार से दिल्ली के द्वारका तक भी मेट्रो विस्तार का काम साथ-साथ होना चाहिए। इससे शहर में प्रदूषण का स्तर काफी कम हो जाएगा।

    - शरद गोयल, पर्यावरण कार्यकर्ता व अध्यक्ष, नेचर इंटरनेशनल

    यह भी पढ़ें- 45 मिनट का सफर 10 मिनट में, जुलाई से खुल जाएगा गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे का द्वारका एक्सप्रेसवे-KMP वाला हिस्सा

    यह भी पढ़ें- फरीदाबाद से गुरुग्राम और पलवल सफर होगा सुपरफास्ट, सिर्फ 20 मिनट में पहुंचेंगे जेसीबी चौक से सोहना