Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    45 मिनट का सफर 10 मिनट में, जुलाई से खुल जाएगा गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे का द्वारका एक्सप्रेसवे-KMP वाला हिस्सा

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 06:50 PM (IST)

    गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे का द्वारका एक्सप्रेसवे से केएमपी एक्सप्रेसवे तक का 10 किलोमीटर हिस्सा अगले महीने चालू हो जाएगा, जिससे 10 से अधिक गांवों और कई ...और पढ़ें

    गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे का द्वारका एक्सप्रेसवे से केएमपी एक्सप्रेसवे की तरफ का तैयार भाग। जागरण

    गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे का द्वारका एक्सप्रेसवे से केएमपी एक्सप्रेसवे की तरफ का तैयार भाग। जागरण

    HighLights

    1. गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे का 10 किमी हिस्सा अगले महीने चालू

    2. द्वारका एक्सप्रेसवे से केएमपी एक्सप्रेसवे तक का खंड तैयार

    3. यात्रा समय 30-45 मिनट से घटकर 8-10 मिनट होगा

    आदित्य राज, गुरुग्राम। गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे का द्वारका एक्सप्रेसवे से केएमपी एक्सप्रेसवे तक का 10 किलोमीटर भाग अगले महीने से चालू हो जाएगा। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने तैयारी शुरू कर दी है।

    इस भाग के चालू होने से 10 से अधिक गांवों के साथ ही इलाके में विकसित कई सेक्टरों में रह रहे हजारों लोगों को लाभ होगा। फिलहाल 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में आधे से पौन घंटे लग जाते हैं।

    चालू होने के बाद आठ से 10 मिनट में पहुंच जाएंगे। यही नहीं द्वारका एक्सप्रेसवे से लेकर रेवाड़ी तक का हिस्सा भी इस साल सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके चालू होते ही गुरुग्राम से रेवाड़ी जाने के लिए दो बेहतर विकल्प हो जाएंगे। फिलहाल दिल्ली-जयपुर हाईवे ही बेहतर विकल्प है।

    दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कम होगा दबाव 

    दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सबसे अधिक ट्रैफिक का दबाव गुरुग्राम से रेवाड़ी के बीच है। ट्रैफिक दबाव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीक आवर के दौरान 45 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए दो से तीन घंटे लग जाते हैं।

    हाईवे के हिसाब से अधिक से अधिक सवा घंटे में दूरी तय होनी चाहिए। ट्रैफिक का दबाव कम करने एवं रेवाड़ी तक जाने के लिए एक अन्य बेहतर विकल्प तैयार के उद्देश्य से गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे बनाया जा रहा है।

    इसका गांव हरसरू के नजदीक द्वारका एक्सप्रेसवे से लेकर केएमपी एक्सप्रेसवे तक भाग तैयार हो चुका है। हरसरू के नजदीक सीवर लाइन शिफ्टिंग का काम चल रहा है।

    अगले कुछ दिनों के भीतर काम पूरा होने की उम्मीद है। इसे देखते हुए एनएचएआई ने इस भाग को चालू करने की तैयारी शुरू कर दी है। चालू करने से पहले सुरक्षात्मक जांच आवश्यक होती है, वह पूरी कर ली गई है।

    खबरें और भी

    चालू होने से लाखों लोगों को होगा लाभ

    एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक का कहना है कि अगले महीने से 10 किलोमीटर का हिस्सा चालू कर दिया जाएगा। यही नहीं सितंबर तक गांव हरसरू के नजदीक द्वारका एक्सप्रेसवे से रेवाड़ी तक का भाग भी चालू कर दिया जाएगा।

    दोनों के बीच की दूरी 43 किलोमीटर है। गांव वजीरपुर के पूर्व सरपंच व मानेसर नगर निगम के मनोनीत पार्षद शेर सिंह चौहान का कहना है कि 10 किलोमीटर भाग के चालू होने से लाखों लोगों को लाभ होगा।

    चालू होने से गांव हरसरू, गढ़ी, साढ़राणा, चंदू, वजीरपुर, हमीरपुर, हयातपुर, ढोरका, भांगरौला, झुंडसराय सहित कई गांवों को लाभ होगा। इसी तरह सेक्टर-88, 88ए, 88बी, 89, 89ए, 89बी, 90, 91, 92, 93, 95, 95ए, 95बी, 96, 97, 98 को लाभ होगा।

    इसी तरह आईएमटी के नए सेक्टरों की कनेक्टिविटी द्वारका एक्सप्रेसवे से बेहतर होगी। फरुखनगर एवं झज्जर की ओर से जाने वाले लोगों को भी लाभ होगा।

    गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे जल्द से जल्द तैयार हो, इस दिशा में लगातार अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। द्वारका एक्सप्रेसवे से लेकर केएमपी एक्सप्रेसवे तक का हिस्सा चालू होने से काफी राहत मिलेगी।

    हाईवे बनने से गुरुग्राम से रेवाड़ी के बीच दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। जल्द ही दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राठीवास में बनाए जा रहे फ्लाईओवर को भी चालू किया जाएगा।

    - राव इंद्रजीत सिंह, केेंद्रीय योजना, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम: मानसून से पहले एक्शन में नगर निगम, स्कूलों और अस्पतालों के पास जलभराव रोकने के सख्त निर्देश

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के हरसरू में 22 जून से 33 दिन तक बंद रहेगा रास्ता, भारी वाहनों के लिए बनाए गए दो नए रूट