दिल्ली-एनसीआर में दिन में छाया अंधेरा, चल रही धूल भरी आंधी
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने फिर करवट ली है। सुबह झमाझम बारिश के बाद दोपहर में धूल भरी आंधी चल रही है। ...और पढ़ें

धूल भरी आंधी चलने से सड़कों पर थमे वाहनों के पहिए। फोटो- जागरण
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी चलने से छाया अंधेरा
एनसीआर में अचानक बारिश से गर्मी से मिली राहत
दिल्ली में बारिश से तापमान में गिरावट आई
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद में काले बादल छाए हुए हैं और धूल भरी आंधी चल रही है।
इससे दिन में अंधेरा छा गया है और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा है। एनसीआर में मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश की संभावना जताई है।

नोएडा के सेक्टर-16 स्थित WTT बिल्डिंग से आंधी का नजारा। फोटो- जागरण
इससे पहले सुबह दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में बारिश से सड़कों पर पानी भर गया था, जिससे सुबह समय से दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी।

गुरुग्राम सिविल लाइंस की सड़क हुई जलमग्न।
गुरुग्राम में लगातार बारिश के चलते शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी बढ़ गई है। अगर लगातार इसी तरह बारिश होती रही तो जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।

गुरुग्राम का राजीव चौक हुआ जलमग्न।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में आज भी चुभन भरी गर्मी से राहत बनी रहेगी। मौसम विभाग की मानें तो शहर भर में हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा। सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया।

दिन का तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। दिन में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा के भी कई दौर संभावित है।
उधर, सोमवार को सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 135 दर्ज किया गया। इसे 'मध्यम' श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में ही चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल इसमें कुछ खास बदलाव नहीं होगा।