विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम की पुरानी मंडी बनेगी 'आदर्श, जाम-जलभराव से मिलेगी मुक्ति; व्यापारियों और किसानों का फायदा

Updated: Tue, 18 Aug 2026 04:22 PM (IST)

साइबर सिटी की खांडसा मंडी को 18 करोड़ रुपये के टेंडर के साथ आधुनिक आदर्श मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें 18 महीने में काम पूरा होगा।

गुरुग्राम की खांडसा मंडी का होगा अपग्रेड। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम की खांडसा मंडी का होगा अपग्रेड। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. खांडसा मंडी 18 करोड़ रुपये से बनेगी आदर्श मंडी

  2. आधुनिक सुविधाएं, जल निकासी और सड़कें होंगी बेहतर

  3. विकास कार्य 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य

महावीर यादव, बादशाहपुर। गुरुग्राम की खांडसा सब्जी मंडी को आधुनिक और सुविधाओं से लैस कर आदर्श मंडी के रूप में विकसित करने का काम शुरू हो गया है।

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने मंडी के कायाकल्प के लिए 18 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। विकास कार्य को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना पूरी होने के बाद खांडसा मंडी का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यह आधुनिक मंडियों में शामिल होगी। विकास कार्यों के तहत किसानों, आढ़तियों, व्यापारियों और आम लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मंडी का आधारभूत ढांचा मजबूत किया जाएगा।

दो अत्याधुनिक शेड बनेंगे

मंडी में दो अत्याधुनिक प्री-इंजीनियर्ड भवन शेड बनाए जाएंगे। इनमें आरसीसी डेक स्लैब की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही जलभराव की समस्या दूर करने के लिए आधुनिक निकासी प्रणाली विकसित की जाएगी।

चौड़ी सड़कों का होगा निर्माण

मार्केट कमेटी के सचिव यदुराज यादव के अनुसार, मंडी में नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ चौड़ी और मजबूत कंक्रीट सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे वाहनों की आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या में भी कमी आएगी।

मंडी का होगा सौंदर्यीकरण

मंडी परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा और आकर्षक बनाने के लिए सौंदर्यीकरण की योजना भी परियोजना में शामिल है। यह विकास परियोजना दिसंबर 2025 में आयोजित गुरुग्राम महाविकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधायक मुकेश शर्मा द्वारा रखी गई आधारशिला के बाद आगे बढ़ी है।

मंडी एसोसिएशन और व्यापारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार राव इंद्रजीत सिंह, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और विधायक मुकेश शर्मा का आभार जताया है।

इस कार्य में मार्केट कमेटी के चेयरमैन मान सिंह यादव, सुखबीर सिंह, सतपाल यादव, सहायक सचिव सुरेश यादव और महेंद्र यादव सहित अधिकारी जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर घर जाना हुआ मुश्किल, दिल्ली-गुरुग्राम से UP और बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल