हाईटेक शिक्षा व्यवस्था के बावजूद HBSE दसवीं परिणाम में पिछड़ा गुरुग्राम, टॉप-10 की लिस्ट से भी बाहर
गुरुग्राम हरियाणा बोर्ड की दसवीं कक्षा के परिणामों में 18वें स्थान पर रहा, जो पिछले साल के 14वें स्थान से नीचे है। जिले का पास प्रतिशत 89.44% रहा, और ...और पढ़ें

उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया गुरुग्राम का रिजल्ट। जागरण
HighLights
गुरुग्राम HBSE दसवीं परिणाम में 18वें स्थान पर।
जिले का पास प्रतिशत 89.44% दर्ज किया गया।
शिक्षा विभाग कमजोर स्कूलों की करेगा समीक्षा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। आधुनिक शिक्षा सुविधाओं और बड़े निजी स्कूलों के लिए पहचान रखने वाला गुरुग्राम इस बार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की दसवीं परीक्षा के परिणाम में उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।
जिले का कुल परीक्षा परिणाम 89.44 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसके साथ गुरुग्राम प्रदेशभर में 18वें स्थान पर रहा। खास बात यह है कि शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी माने जाने वाले जिले का नाम इस बार टाप-10 जिलों में भी शामिल नहीं हो सका।
स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच चर्चा
बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले से कुल 15,266 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 13,654 छात्र सफल रहे। पिछले वर्ष जिले का परिणाम 92.89 प्रतिशत रहा था और गुरुग्राम 14वें स्थान पर था। इस बार परिणाम में गिरावट आने के बाद शिक्षा विभाग, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि संसाधनों और हाईटेक सुविधाओं के बावजूद जिले का प्रदर्शन अपेक्षा से कमजोर रहा है। उनका कहना है कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, नियमित मूल्यांकन और कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कई शिक्षकों ने डिजिटल डिस्ट्रैक्शन, पढ़ाई के प्रति घटती गंभीरता और परीक्षा तनाव को भी परिणाम प्रभावित करने वाला कारण बताया।
समीक्षा करेगी शिक्षा विभाग
परिणाम घोषित होने के बाद जहां कई स्कूलों में सफल विद्यार्थियों ने जश्न मनाया, वहीं अपेक्षा से कम परिणाम देने वाले स्कूलों को लेकर सवाल भी उठे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों की अलग से समीक्षा कर आगामी सत्र में सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।