विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर थूकने या च्यूइंग गम फेंकने पर लगेगा ₹500 का जुर्माना

Published: Wed, 21 Oct 2026 04:49 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और इस्तेमाल की गई च्यूइंग गम फेंकने पर ₹500 का चालान लगाने की घोषणा की है।

सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर लगेगा जुर्माना ( एआई जेनरेटेड इमेज )

सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर लगेगा जुर्माना ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर लगेगा चालान।

  2. च्यूइंग गम फेंकने पर भी ₹500 जुर्माना।

  3. स्वच्छता बनाए रखने को निगम का सख्त कदम।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में अब सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और इस्तेमाल की गई च्यूइंग गम फेंकने पर चालान कटेगा। नगर निगम गुरुग्राम ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है।

सड़क, फुटपाथ, पार्क, बाजार, बस स्टाप और सरकारी परिसरों में नियम तोड़ने वालों पर हरियाणा नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। नियम तोड़ने वालों का मौके पर ही चालान काटा जाएगा और पांच सौ रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।

साफ-सफाई के लिए उठाए गए ये कदम

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि शहर में स्वच्छता, साफ-सफाई और जनस्वास्थ्य बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। पिछले कुछ समय से सार्वजनिक स्थानों, दीवारों, फुटपाथों और पार्कों में थूकने और च्यूइंग गम चिपकाने की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

उन्होंने बताया कि निगम की ओर से जारी सूचना के अनुसार सार्वजनिक स्थान पर थूकते पाए जाने पर हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 और स्वच्छता उपनियमों के तहत कार्रवाई होगी।

च्यूइंग गम को कूड़ेदान में डालना जरूरी

नगर निगम की ओर से कहा गया है कि इस्तेमाल की गई च्यूइंग गम को सड़क पर फेंकना या दीवार पर चिपकाना भी कूड़ा फैलाने की श्रेणी में माना जाएगा। नागरिकों को निर्देश है कि च्यूइंग गम को कागज में लपेटकर ही कूड़ेदान में डालें।

टीम करेगी निगरानी

सभी जोन के संयुक्त आयुक्त, सहायक सफाई निरीक्षकों और प्रवर्तन कर्मचारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें चालान बुक दी गई है और हर कार्रवाई का रिकार्ड रखने को कहा गया है।

निगमायुक्त ने नागरिकों, दुकानदारों और आगंतुकों से अपील की है कि स्वच्छ, स्वस्थ और कूड़ा मुक्त गुरुग्राम बनाने में सहयोग करें। सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में खेलते-खेलते पानी की होदी में गिरा मासूम, डूबने से डेढ़ साल के बच्चे की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।