Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम में चौथी पास ने खड़ा किया धोखाधड़ी का अंतरराज्यीय गिरोह, फिल्मी सितारों को भी ठगा

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 07:37 PM (IST)

    गुरुग्राम पुलिस ने एक अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह खुदाई में मिले सोने के सिक्के बेचने का लालच देकर लोगों को ठगता था। मास् ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI generated

    सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI generated

    HighLights

    1. गुरुग्राम पुलिस ने अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया।

    2. मास्टरमाइंड चौथी पास ने फिल्मी सितारों को भी ठगा।

    3. पुलिस ने 2.30 करोड़ नकद, 678 ग्राम सोना बरामद किया।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो खोदाई में सोने के सिक्के मिलने की बात कहकर लोगों को सस्ते दामों में बेचने का लालच देकर उनसे करोड़ों की धोखाधड़ी कर रहा था। गिरोह का मास्टरमाइंड चौथी पास है, लेकिन उसने न सिर्फ आम लोगों को बल्कि फिल्मी सितारों व उनके जानकारों को भी इसी तरह धोखाधड़ी का शिकार बनाया।

    फरवरी में गुरुग्राम के एक कारोबारी को जब उसने अपना शिकार बनाया तो गुरुग्राम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस टीम ने गिरोह के सरगना समेत चार आरोपितों को बीते दिनों गिरफ्तार किया है। गिरोह ने फरवरी में गुरुग्राम के सुशांत लोक में रहने वाले कारोबारी से ढाई करोड़ की नकदी और 50 तोले सोने की धोखाधड़ी की थी।

    एक्सपोर्ट कारोबारी को कैसे फंसाया?

    एक्सपोर्ट कारोबारी विवेक ने शिकायत में बताया था कि 13 फरवरी को वह पचगांच चौक के पास अपनी कार की स्टेपनी बदल रहे थे। सोलंकी प्रभु भाई वहां आया। वह बेहद साधारण दिख रहा था। उसने कहा कि वह जेसीबी से रेलवे लाइन व अन्य जगहों पर खोदाई करता है। खोदाई में सोने के सिक्के मिले हैं। वह सुनार को नहीं बेच सकता, पुलिस पकड़ सकती है। उसने सस्ते में सोने के सिक्के बेचने का लालच दिया और झोले से सिक्के देकर उनकी जांच के लिए कहा।

    ज्वेलर्स की दुकान पर चेक करवाने पर सोने के सिक्के असली मिले। दो मार्च को जब दोबारा फोन पर बातचीत हुई तो कारोबारी ने सारा सोना लेकर गुरुग्राम बुलाया। यहां ज्वेलर्स शोरूम के बाहर मुलाकात हुई। फिर से उसने सिक्के निकालकर दिए। ज्वेलरों ने इसे 23 कैरेट का बताया। झोले में करीब 10-11 किलो सिक्के थे।

    खबरें और भी

    आरोपित ने एक किलो के बदले एक करोड़ मांगे। भरोसा होने पर लालच में आकर कारोबारी ने पांच किलो सोने के सिक्के ले लिए और घर गिरवी रखकर ढाई करोड़ की नकदी और अपनी मां के 50 तोले के जेवर उसे दे दिए। 20 दिनों बाद जब कारोबारी ने सिक्कों की जांच की तब पीतल होने का पता चला।

    सेक्टर 43 क्राइम ब्रांच ने जांच करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सरगना समेत चार आरोपितों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान वड़ोदरा के सोलंकी प्रभु भाई, मनीष कमलेश, ईश्वर मारवाड़ी और दिल्ली के नांगलोई निवासी पंकज शर्मा के रूप में की गई। पंकज को दिल्ली व अन्य को वड़ोदरा से पकड़ा गया।

    गिरोह के ज्यादातर गुर्गे अनपढ़, कई वारदातों को अंजाम दिया

    डीसीपी क्राइम हितेश यादव ने बताया कि सोलंकी प्रभु गिरोह का सरगना है और चौथी पास है। गिरोह में शामिल अन्य गुर्गे भी अनपढ़ हैं। ये सभी गरीब श्रमिकों का भेष बना कर घूमते थे और हाईवे व अन्य जगहों पर इसी तरह अकेले लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाते थे।

    प्रभु भाई पिछले 25 सालों से ठगी की वारदात को अंजाम दे रहा था। इसने ज्यादातर वारदात मुंबई, गुजरात, हरियाणा और राजस्थान में की हैं। आरोपित ने एक होटल पीएम भी खरीद रखा है। यह होटल दिल्ली मुंबई रोड पर करजन लकोदरा में है। 15 साल पहले बालीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से भी 25 लाख व सलमान खान के पिता सलीम खान के पीए से 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। हालांकि, तब इसके खिलाफ केस नहीं हुआ था।

    सोलंकी ने चार शादियां कर रखी है। इसे राजनीति और फिल्मों का भी शौक है। यह कुछ साल पहले एक लव यू नाम की गुजराती फिल्म भी बना चुका है। इसने गुजरात नगर पालिका चुनाव में अपनी पत्नी पार्वती सोलंकी को नामांकन भी भरवाया है। सोलंकी के विरुद्ध महाराष्ट्र में दो तथा गुजरात में सात केस दर्ज हैं। आरोपितों के पास से दो करोड़ 30 लाख 5 हजार 700 रुपये की नकदी व 678 ग्राम सोना बरामद किया गया है।

    दिल्ली के सुलतानपुरी में बन रहे नकली सोने के सिक्के

    गिरोह से पूछताछ में पता चला कि जो नकली सिक्के देकर ये लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे, वह सिक्के दिल्ली के सुलतानपुरी में बन रहे हैं। नवीन नाम का व्यक्ति इसे सप्लाई कर रहा था। इसके साथ ही गिरोह में दो महिलाएं शांति और तेजू भी शामिल हैं। कुछ दिन पहले कोटा पुलिस ने इन्हें 90 लाख की धोखाधड़ी में पकड़ा था और ये फिलहाल कोटा जेल में हैं।