गुरुग्राम के स्कूलों को बम की धमकी के मामले में बांग्लादेश कनेक्शन का खुलासा, अहमदाबाद से एक आरोपी गिरफ्तार
साइबर क्राइम पुलिस ने गुरुग्राम के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह धमकी ढाका से दी गई थी। अहमदाबाद से सौरभ ...और पढ़ें

साइबर सिटी के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने का भंडाफोड़। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर क्राइम पुलिस ने शहर के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने का भंडाफोड़ किया है। धमकी ढाका से दी गई थी। अलग-अलग तीन ईमेल आइडी से धमकी दी गई थी।
यह भंडाफोड़ अहमदाबाद से सौरभ विश्वास नामक युवक की गिरफ्तारी से हुआ है। विश्वास ढाका निवासी महबुर रहमान के लिए काम करता था। विश्वास ने ही ईमेल आइडी बनाकर रहमान को भेजी थी।
40 स्कूलों को मिली थी धमकी
इसी साल 28 जनवरी को साइबर सिटी के 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सभी स्कूलों को धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई थी। साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए बृहस्पतिवार को मूल रूप से बांग्लादेश निवासी सौरभ विश्वास को गिरफ्तार किया।
विश्वास नौ साल पहले डंकी रूट से भारत आया है। कोलकाता में रह रहा था। शुरू से ही साइबर आतंकी गतिविधियों में संलिप्त है। प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया है कि 28 जनवरी को 40 स्कूलों को धमकी ढाका से दी गई थी।

गिरफ्तार आरोपी सौरभ विश्वास।
ईमेल उसी ने बनाकर रहमान को दी थी। उसके पास वोटर आइडी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड सहित सभी पहचान पत्र हैं, इससे आज तक वह कहीं भी पकड़ में नहीं आया।
पूछताछ में खुलेंगे कई राज
एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान का कहना है कि सौरभ विश्वास से गहनता से पूछताछ की जाएगी। हाे सकता है कि एनसीआर सहित देश के अन्य इलाकों में भी धमकी ढाका से दी जा रही है। गिरोह में कितने लाेग शामिल हैं। देश में कहां-कहां बैठकर सभी काम कर रहे हैं, इसकी जानकारी पूछताछ से हासिल की जाएगी।
बता दें कि पिछले कुछ सालाें के दौरान एनसीआर सहित देश के विभिन इलाकों में संचालित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से दी जा चुकी है। पहली बार धमकी देने वाले गिरोह के किसी सदस्य की गिरफ्तारी हुई है।