Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आतंकवाद और साइबर क्राइम पर 'डबल स्ट्राइक', हरियाणा में खुलेंगे ATS के दो नए थाने

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 08:48 PM (IST)

    हरियाणा में आतंकवाद, साइबर अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) का विस्तार किया जा रहा है। ...और पढ़ें

    हरियाणा में आतंकवाद, साइबर अपराध रोकने को एटीएस विस्तार। इमेज एआई

    हरियाणा में आतंकवाद, साइबर अपराध रोकने को एटीएस विस्तार। इमेज एआई

    HighLights

    1. हरियाणा में आतंकवाद, साइबर अपराध रोकने को एटीएस विस्तार।

    2. गुरुग्राम में नया एटीएस थाना, प्रदेश में कुल दो थाने।

    3. खुफिया नेटवर्क मजबूत कर संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर।

    महावीर यादव, बादशाहपुर। हरियाणा में आतंकवाद, साइबर अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) का विस्तार किया जा रहा है। गुरुग्राम में जल्द ही एटीएस का थाना स्थापित किया जाएगा। इसके लिए स्थान चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रदेश में एटीएस के दो थाने होंगे। जिनमें एक गुरुग्राम और दूसरा पंचकूला में स्थापित किया जाएगा।

    एटीएस के कार्यक्षेत्र को दो हिस्सों में विभाजित किया गया है। गुरुग्राम स्थित थाना दक्षिण हरियाणा के जिलों में एटीएस की गतिविधियों का संचालन करेगा। जबकि पंचकूला थाना उत्तरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेगा। इसके लिए तीन पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें एक पुलिस अधीक्षक गुरुग्राम क्षेत्र, दूसरा पंचकूला क्षेत्र की कमान संभालेगा। तीसरे पुलिस अधीक्षक को मुख्यालय में समन्वय और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी दी जाएगी।

    पुलिस अधीक्षक उपासना ने कहा कि एटीएस अपराध नियंत्रण से जुड़ी सभी एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आतंकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का कार्य करेगी। किसी भी अभियान की सफलता में आमजन की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है। आम लोग पुलिस की आंख, कान और नाक हैं। इसलिए लोगों को अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

    पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि एटीएस का प्रमुख फोकस इंटेलिजेंस नेटवर्क को और अधिक मजबूत करने पर रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए समय रहते सूचनाएं एकत्र कर उनका विश्लेषण किया जाएगा, ताकि आतंकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला का कहना है कि एटीएस का मुख्य फोकस साइबर अपराध, आतंकी गतिविधियों और युवाओं को गुमराह कर कट्टरपंथ या आपराधिक नेटवर्क से जोड़ने वाले तत्वों पर रहेगा। युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। ताकि वे ऐसे तत्वों के बहकावे में न आएं। साथ ही, राष्ट्रविरोधी और साइबर अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी

    आइजी नाजनीन भसीन का कहना है कि एटीएस में नियुक्त तीनों पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, वरुण सिंगला और उपासना बेहद सक्षम अधिकारी हैं। पूरी टीम इंटेलिजेंस, साइबर जांच, कमांडो प्रशिक्षण और स्थापना संबंधी व्यवस्थाओं पर समन्वय के साथ कार्य कर रही है। टीम दिन-रात मेहनत कर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

    एटीएस के दो थानों में बंटेगा हरियाणा

    • गुरुग्राम एटीएस थाना के अधीन जिले: गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत
    • पंचकूला एटीएस थाना के अधीन जिले: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा
    • जिम्मेदारी का बंटवारा: एक पुलिस अधीक्षक गुरुग्राम एटीएस थाना का नेतृत्व करेंगे
    • एक पुलिस अधीक्षक पंचकूला एटीएस थाना की कमान संभालेंगे।