WFH से ऑनलाइन क्लास तक, गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद जिला प्रशासन की एडवाइजरी जारी
गुरुग्राम में भारी बारिश की आशंका के चलते मंगलवार, 25 अगस्त के लिए सभी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम की घोषणा की गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जलभराव और ट्रैफिक जाम से बचने तथा सड़कों की मरम्मत के लिए यह एडवाइजरी जारी की है।
HighLights
गुरुग्राम में 25 अगस्त को सभी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम।
भारी बारिश, जलभराव व ट्रैफिक जाम से बचने को फैसला।
सड़कों और ड्रेनों की मरम्मत व सफाई का कार्य सुचारू होगा।
डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में भारी बारिश को देखते हुए मंगलवार के लिए सभी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम के लिए सलाह जारी की गई है। जलभराव और ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह एडवाइजरी जारी की है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिले के सभी कॉरपोरेट कार्यालयों तथा सरकारी और निजी स्कूलों/संस्थानों को 25 अगस्त से अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए मार्गदर्शन करने की सलाह दी है। साथ ही कक्षाएं ऑनलाइन करने की सलाह दी गई है।
-1787571551067.webp)
वर्क फ्रॉम होम का उद्देश्य सड़कों और ड्रेनों की मरम्मत
इसका मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक जाम से बचाव करना तथा सड़कों और ड्रेनों की मरम्मत व सफाई का कार्य सुचारू रूप से करवाना है।
कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न
भारी बारिश के चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से लेकर गोल्फ कोर्स रोड, साइबर हब, सिग्नेचर टावर, शंकर चौक, सेक्टर-57 और आसपास के इलाकों में भारी जाम की स्थिति बन गई।
-1787571948506.webp)
पुरानी न्यू कॉलोनी, सेक्टर-4, सेक्टर-5, सेक्टर-8 सहित कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
हीरो होंडा चौक तक पहुंचने में 50 मिनट का समय
सिग्नेचर टॉवर से हीरो होंडा चौक तक पहुंचने में आज कम से कम 50 मिनट का समय लगा। साइबर हब के पास गेटवे टॉवर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। शीतला माता रोड जलभराव के कारण सबसे अधिक प्रभावित रहा।
