गुरुग्राम के हजारों घर खरीदारों को राहत; हरेरा ने 2024 तक के सभी मामले निपटाए, बिल्डरों को देना पड़ेगा रिफंड
हरेरा गुरुग्राम ने 2024 तक के सभी लंबित मामलों का निपटारा कर घर खरीदारों को बड़ी राहत दी है। प्राधिकरण ने पिछले एक साल में 2174 मामलों का बैकलॉग खत्म ...और पढ़ें

रेरा के मामलों को निपटाने में तीसरे स्थान पर है गुरुग्राम। फोटो: आर्काइव
HighLights
हरेरा गुरुग्राम ने 2024 तक के सभी लंबित मामले निपटाए
2174 मामलों का बैकलॉग एक साल में खत्म किया
देश में सबसे अधिक 93.62% निपटान दर हासिल की
गौरव सिंगला, नया गुरुग्राम। हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथाॅरिटी (हरेरा) गुरुग्राम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए साल 2024 तक के सभी लंबित मामलों का निपटारा कर दिया है। इससे घर खरीदारों को राहत मिलने की उम्मीद है और विवादों के समाधान की प्रक्रिया तेज होगी।
अधिकारियों के अनुसार 31 मार्च 2025 तक हरेरा गुरुग्राम के पास कुल 2174 मामले लंबित थे। अब इन सभी मामलों को निपटा दिया गया है और फिलहाल केवल वर्ष 2025 और उसके बाद दर्ज मामलों पर ही सुनवाई चल रही है।
2018 के 15 मामले, 2019 के 28, 2020 के 10, 2021 के 74, 2022 के 333, 2023 के 654 और 2024 के सबसे अधिक 1,060 मामले। प्राधिकरण ने पिछले एक साल में लगातार प्रयास कर इस पूरे बैकलाग को खत्म किया।
घर खरीदारों को रिफंड और देरी से कब्जा मिलने का लाभ दिया
हरेरा गुरुग्राम ने अपने बयान में कहा कि सभी मामलों का निपटारा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत और कानून के अनुसार किया गया है। रेरा एक्ट की धारा 18 के तहत योग्य मामलों में घर खरीदारों को रिफंड और देरी से कब्जा का लाभ भी दिया गया।
खबरें और भी
पहले मामलों के निपटारे में काफी समय लग रहा था और एक शिकायत को सुलझाने में करीब 12 से 15 महीने लगते थे। हालांकि अब प्राधिकरण का लक्ष्य इसे घटाकर 6 से 9 महीने करना है।
आंकड़ों के अनुसार साल 2025 में ही हरेरा गुरुग्राम ने 5024 शिकायतों का निपटारा किया और पात्र घर खरीदारों को रिफंड या मुआवजा दिया।
रेरा मामलों को निपटाने में तीसरे स्थान पर गुरुग्राम
केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय के रेरा ट्रैकर के अनुसार कुल शिकायतों के मामले में गुरुग्राम तीसरे स्थान पर है लेकिन निपटान दर में पूरे देश में सबसे आगे है।
गुरुग्राम रेरा ने 17893 शिकायतें दर्ज की। जिनमें से 16753 का निपटारा किया जा चुका है यानी 93.62% निपटान दर। इसकी तुलना में उत्तर प्रदेश रेरा ने 60,021 में से 52,047 (86.71%), महाराष्ट्र रेरा ने 34,485 में से 28,289 (82.03%) और कर्नाटक रेरा ने 12,904 में से 10,522 (81.54%) मामलों का निपटारा किया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि समय पर और प्रभावी शिकायत निवारण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अब बैकलॉग खत्म होने के बाद हरेरा गुरुग्राम प्रक्रियाओं को और मजबूत करेगा और देश के सबसे प्रभावी रियल एस्टेट नियामकों में अपनी स्थिति और बेहतर बनाएगा।