विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में इफको चौक का सर्विस लेन बंद होने से बढ़ा ट्रैफिक का दबाव, भीषण जाम में फंसे लोग

Published: Wed, 26 Aug 2026 06:10 PM (IST)

इफको चौक पर सीवर लाइन लीकेज से सड़क धंसने के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन बंद कर दी गई ...और पढ़ें

इफको चौक पर सड़क धंसने से लगा भीषण जाम, सर्विस लेन बंद होने से बढ़ी परेशानी।

इफको चौक पर सड़क धंसने से लगा भीषण जाम, सर्विस लेन बंद होने से बढ़ी परेशानी।

HighLights

  1. इफको चौक पर सीवर लीकेज से सड़क धंसी, यातायात प्रभावित।

  2. दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन बंद, वाहनों का दबाव बढ़ा।

  3. गुरुग्राम में जाम से लोग परेशान, स्थायी समाधान की मांग।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। इफको चौक पर दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन बंद होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मंगलवार को तेज वर्षा के दौरान जीएमडीए की सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया और बड़ा गड्ढा बन गया। सुरक्षा के लिए गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाली सर्विस लेन को बंद कर दिया गया। इसके बाद से चौक के नजदीक एमजी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। वाहन रेंगते हुए निकल रहे हैं।

सड़क के नीचे मिट्टी बहने से बने गड्ढे में पानी जमा है। एनएचएआई की ओर से पांच मोटर लगाकर पानी निकालने का काम कराया जा रहा है। पानी निकलने के बाद गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं, जीएमडीए की टीम भी सीवर लाइन में हुए लीकेज को पता करने में जुटी है।

तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग

इफको चौक पर बुधवार को यातायात का दबाव झेलने वाले राजेश कुमार, नरेश वर्मा और अमित त्यागी ने सड़क धंसने की घटना पर सवाल उठाए हैं। राजेश कुमार ने कहा कि सड़क जिस समय धंसी, उस समय यदि कोई वाहन गड्ढे की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पूरे मामले की तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।

इफको चौक शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल

नरेश वर्मा ने कहा कि केवल गड्ढा भरकर सड़क बना देना स्थायी समाधान नहीं है। पहले यह पता लगाया जाना चाहिए कि सीवर लाइन में लीकेज क्यों हुआ और समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। भूमिगत लाइन की भी जांच जरूरी है, ताकि सड़क दोबारा न धंसे। अमित त्यागी ने कहा कि इफको चौक शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल है। सर्विस लेन बंद होने से हजारों वाहन प्रभावित हो रहे हैं।

जाम में लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने एनएचएआई और जीएमडीए से आपसी समन्वय के साथ काम तेजी से पूरा करने और तब तक यातायात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। लोगों का कहना है कि वर्षा के दौरान सड़क धंसने की घटनाओं को महज मरम्मत तक सीमित रखने के बजाय इसके मूल कारण की जांच होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में जलभराव पर हरियाणा में सियासी घमासान, सुरजेवाला ने सरकार को घेरा, राव बोले- कांग्रेस ने किया था बंटाधार