गुरुग्राम के फेमस रेस्टोरेंट में सैंडविच में रेंगता दिखा कीड़ा, वीडियो वायरल होते ही मालिक ने मांगी माफी
गुरुग्राम के वन होराइजन सेंटर स्थित पाउल रेस्टोरेंट में एक ग्राहक के सैंडविच में जिंदा कीड़ा मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
HighLights
गुरुग्राम के पाउल रेस्टोरेंट में सैंडविच में जिंदा कीड़ा मिलने का मामला।
ग्राहक सुलभ माथुर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर घटना बताई।
रेस्टोरेंट ने माफी मांगी, जांच का आश्वासन दिया, खाद्य अधिकारी अनभिज्ञ।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में वन होराइजन सेंटर स्थित मशहूर पाउल रेस्टोरेंट में सैंडविच के अंदर जिंदा कीड़ा मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद रेस्टोरेंट की ओर से युवक से संपर्क कर माफी मांगी गई और जांच कराने की बात कही गई है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करने वाले सुलभ माथुर के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दोस्तों के साथ ब्रेकफास्ट करने पाउल पहुंचे थे। उन्होंने छह-सात अलग-अलग डिश मंगवाई थीं।
जिंदा कीड़ा रेंगता दिखाई दिया
आरोप है कि आधा सैंडविच खाने के बाद उसमें सफेद रंग का जिंदा कीड़ा रेंगता दिखाई दिया। इससे टेबल पर मौजूद लोग दंग रह गए।
रेस्टोरेंट के जवाब को सामान्य बताया
माथुर ने रविवार को एक और पोस्ट में रेस्टोरेंट के जवाब को सामान्य और तैयार जवाब जैसा बताया। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने पाउल के अन्य आउटलेट्स से जुड़े ऐसे अनुभव भी साझा किए हैं।

रेस्टोरेंट की ओर से माफी मांगी गई
माथुर के अनुसार, रेस्टोरेंट की ओर से रजनीश नाम के व्यक्ति ने फोन कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा और खाने की गुणवत्ता प्राथमिकता है और मामले की जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।
यह भी पढ़ें- ब्रांडेड कंपनी की चॉकलेट में निकला जिंदा कीड़ा, Chocolate Day पर बच्चे के लिए लाए थे पिता; रैपर खोलते ही उड़े होश
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई कि जाएगी।
