गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर थार से जानलेवा स्टंट, चलती गाड़ी से बाहर निकला ड्राइवर
द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक थार चालक चलती गाड़ी से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता दिखा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ...और पढ़ें

HighLights
द्वारका एक्सप्रेसवे पर थार चालक ने किया खतरनाक स्टंट।
चलती गाड़ी से बाहर निकलकर युवक ने दिखाया करतब।
गुरुग्राम पुलिस वीडियो के आधार पर कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर थार गाड़ी से स्टंटबाजी का वीडियो प्रसारित हुआ है। गाड़ी चला रहा युवक चलती गाड़ी से ही दरवाजा खोलकर बाहर आ गया और लटक कर कुछ दूर चलता रहा।
पीछे चल रहे किसी साथी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।
स्टंटबाजी का वीडियो शनिवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि काले रंग की थार एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर चल रही है। इसी दौरान ड्राइवर ने अपनी तरफ का दरवाजा खोला।
पहले तो थोड़ी देर वह दरवाजा खोलकर चलता रहा। इसके बाद वह खुद बाहर निकल आया और लटककर कुछ दूर चला। इससे हादसा होने की आशंका बनी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार चलती गाड़ी से बाहर निकलना, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन हैं। पुलिस ने कहा कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है। गाड़ी का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।