Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में दस्तावेज न देने पर 1107 प्राइवेट स्कूलों पर गिरी गाज, RTE नियमों का उल्लंघन पर हुए ब्लैक लिस्ट

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 09:03 AM (IST)

    प्रदेश में 1107 निजी स्कूलों को मान्यता संबंधी दस्तावेज पेश न करने और आरटीई नियमों का पालन न करने पर ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। ...और पढ़ें

    हरियाणा में दस्तावेज न देने पर 1107 प्राइवेट स्कूलों पर गिरी गाज (प्रतीकात्मक फोटो)

    हरियाणा में दस्तावेज न देने पर 1107 प्राइवेट स्कूलों पर गिरी गाज (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. प्रदेश के 1107 निजी स्कूल ब्लैक लिस्ट किए गए।

    2. मान्यता दस्तावेज व आरटीई नियमों का उल्लंघन मुख्य कारण।

    3. कैथल, गुरुग्राम, हिसार में सर्वाधिक स्कूलों पर कार्रवाई।

    चेतन वर्मा, हिसार। शिक्षा निदेशालय की बार-बार चेतावनी देने के बावजूद आखिरकार 22 जिलों के 1107 निजी स्कूलों पर गाज गिर चुकी है। मुख्यमंत्री के आदेश पर उपरोक्त स्कूलों को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है।

    साथ ही दाखिले करने की पावर भी छीन ली गई है। खास बात है कि मुख्यमंत्री ने उपरोक्त ब्लैक लिस्ट में शामिल निजी स्कूलों पर ताला जड़ने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। कारण यह है कि प्रदेश के 1107 निजी स्कूल मान्यता से संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। निदेशालय की बार-बार चेतावनी के बावजूद आरटीई के तहत नियमों को पालन नहीं किया, जिस पर निदेशालय ने उपरोक्त कार्रवाई कर दी है।

    कैथल, गुरुग्राम व हिसार में सर्वाधिक अवैध स्कूल होंगे बंद

    शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी रिपोर्ट में सर्वाधिक कैथल में 162, गुरुग्राम में 99 व हिसार में 98 निजी स्कूलों पर कार्रवाई की गई है। सबसे कम फतेहाबाद में है जहां 10 निजी स्कूलों पर कार्रवाई की गई है। शिक्षा मंत्री के गृह जिला पानीपत में 92 निजी स्कूल अवैध चल रहे हैं, जिसे बंद करने के आदेश जारी हो चुके हैं।

    ब्लैक लिस्ट होने वाले निजी स्कूलों का ब्योरा

    जिला ब्लैक लिस्ट संख्या
    कैथल 162
    गुरुग्राम 99
    हिसार 98
    पानीपत 92
    भिवानी 76
    फरीदाबाद 70
    जींद 67
    रोहतक 63
    करनाल 57
    यमुनानगर 51
    सोनीपत 45
    महेंद्रगढ़ 33
    पलवल 30
    झज्जर 28
    चरखी दादरी 23
    कुरुक्षेत्र 22
    अंबाला 20
    रेवाड़ी 16
    सिरसा 16
    नूंह मेवात 15
    पंचकूला 14
    फतेहाबाद 10
    कुल योग 1107

    413 निजी स्कूलों को दिया था मौका, मानक अधूरे मिले

    प्रदेश में 413 निजी स्कूलों को मर्सी चांस दिया गया था, जो मानकों को पूरा करने का दावा कर रहे थे। लेकिन मान्यता से संबंधित दस्तावेज मांगे तो संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन स्कूलों पर भी कार्रवाई की गई है। तीन साल से अवैध स्कूल शिक्षा निदेशालय की आंखों में धूल झोंक कर रहे हैं।

    मौलिक शिक्षा निदेशक मनिता मलिक ने कहा कि हमने प्रदेश के 1107 निजी स्कूलों को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। सर्वाधिक कैथल में 162, गुरुग्राम में 99 व हिसार में 98 निजी स्कूलों पर कार्रवाई की गई है। अब अगली प्रक्रिया में इन स्कूलों पर ताला जड़ा जाएगा।