हिसार में कुत्ता सामने आने से पलटा ऑटो, महिला की मौत; पति समेत 6 घायल
हिसार में सेक्टर 1-4 चौक के पास एक ऑटो कुत्ते के अचानक सामने आने और तेज स्ट्रीट लाइट के कारण पलट गया। इस हादसे में भारत नगर निवासी लक्ष्मी की मौत हो ग ...और पढ़ें

ऑटो पलटने से महिला की मौत, पति समेत 6 घायल।
HighLights
हिसार में स्ट्रीट लाइट और कुत्ते के कारण ऑटो पलटा।
हादसे में लक्ष्मी की मौत, पांच अन्य महिलाएं घायल हुईं।
घायलों में एक महिला की हालत गंभीर, रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, हिसार। सेक्टर 1-4 चौक के पास वीरवार देर रात स्ट्रीट लाइट की तेज रोशनी आंखों पर पड़ने और सड़क पर अचानक कुत्ता आने से एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में ऑटो के नीचे दबने से भारत नगर निवासी लक्ष्मी (47) की मौत हो गई, जबकि उनके पति और पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजन को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार ऑटो चालक राजेंद्र अपनी पत्नी लक्ष्मी और अन्य महिलाओं के साथ विद्युत नगर में एक रिटायरमेंट पार्टी में रोटी बनाने का काम कर वापस लौट रहे थे। ऑटो में कविता, सरोज, पूजा सहित कुल छह महिलाएं सवार थी। सेक्टर 1-4 चौक के पास अचानक एक कुत्ता सामने आ गया।
चालक के अनुसार उसी समय सड़क पर अंधेरा था, थोड़ा आगे बढ़े तो अचानक स्ट्रीट लाइट की तेज रोशनी भी आंखों पर पड़ी, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।
ऑटो के नीचे दब गई लक्ष्मी, सिर पर लगी चोट
हादसे के दौरान आगे की सीट पर बैठी लक्ष्मी ऑटो के नीचे दब गई। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया।
राजेंद्र ने बताया कि हादसे में उनके सिर और हाथ पर भी चोट लगी है। घायलों में शामिल कविता की हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। ऑटो में सवार बिहार निवासी दो महिलाओं को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।