शीतलहर की चपेट में पूरा हरियाणा, 1.6 डिग्री से तक पहुंचा तापमान; एक की मौत
हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, औसत न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में 1.6 डिग्री के साथ सबसे सर्द रात रही, जबकि ह ...और पढ़ें

हरियाणा में शीतलहर का कहर जारी, मेवात-अंबाला छोड़ हर जिले में तापमान 5 डिग्री से नीचे। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
हरियाणा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
हिसार में ठंड के कारण एक व्यक्ति की दुखद मौत।
16 जनवरी तक शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट।
जागरण टीम, हिसार/पानीपत। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के प्रभाव से हरियाणा कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में आ गया है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की गिरावट आई है। वहीं, शुक्रवार-शनिवार की रात महेंद्रगढ़ में 1.6 डिग्री तापमान के साथ सीजन की सबसे सर्द रात रही।
मौसम विभाग के अनुसार मेवात और अंबाला को छोड़कर शेष सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। महेंद्रगढ़ के बाद गुरुग्राम में 1.8 डिग्री व सोनीपत में 2.9 डिग्री दर्ज हुआ। विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अब ठंड का असर केवल सुबह तक सीमित नहीं रहेगा, रात में भी पाला जमने की संभावना जताई गई है।
ठंड ने हिसार में ली एक जान
पारा गिरने से सर्दी का कहर जानलेवा बन गया। नई सब्जी मंडी, तरसेम नगर निवासी 53 वर्षीय दुर्गेश की ठंड से मौत हो गई। पोस्टमार्टम में ठंड को मौत का कारण बताया गया। दुर्गेश नई सब्जी मंडी के एक ढाबे पर काम करता था और वहीं सोता था। शुक्रवार की रात को ही उसे तबीयत बिगड़ने पर नागरिक अस्पताल लाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
10 जिलों में सुबह छाई रही धुंध, कुछ में धूप से मिली राहत
शनिवार सुबह प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा। दिन में 2-3 घंटे धूप निकलने से कुछ राहत मिली, लेकिन अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है और 16 जनवरी तक ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। सबसे कम दृश्यता(10 मीटर से कम) नारनौल, भिवानी, करनाल में रही। डेंस कोहरा का असर हिसार में रहा, यहां दृश्यता 70 मीटर रही।
खबरें और भी
16 तक शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 व 12 जनवरी के लिए कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, कैथल, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और नूंह में कोहरे का यलो अलर्ट है। वहीं हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, सिरसा, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। 16 जनवरी तक शीतलहर से राहत नहीं है।
गेहूं को फायदा
मौसम वैज्ञानिकों ने कोहरे और शीतलहर से प्रभावित जिलों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। हालांकि विशेषज्ञों के मुताबिक यह ठंड गेहूं जैसी रबी फसलों के लिए लाभकारी मानी जा रही है।
हवा सुधरी, चार शहरों की ही अब खराब श्रेणी में, गुरुग्राम अब भी सबसे प्रदूषित
हरियाणा में वायु प्रदूषण की स्थिति में अब धीरे धीरे सुधार के संकेत मिलने लगे हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शनिवार की वायु गुणवत्ता रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के अधिकांश शहरों की हवा मध्यम या संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई है। राहत की बात यह है कि अब हरियाणा के केवल चार शहर गुरुग्राम, नारनौल, धारूहेड़ा और महेंद्रगढ़ के मुंडियाखेड़ा की हवा खराब श्रेणी में दर्ज हुई है। प्रदेश के अन्य जिलों व शहर में राहत है।
हालांकि, इनमें गुरुग्राम देश के टाप-10 प्रदूषित शहरों में 349 एक्यूआई के साथ दूसरे नंबर पर रहा। नारनौल का एक्यूआई 322 रहा, ये देश का नौंवा सबसे प्रदूषित शहर रहा। ये दोनों शहर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किए गए। उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद 351 एक्यूआई के साथ देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा।
वहीं, बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार चरखी दादरी में एक्यूआई 260, धारूहेड़ा में 291, मानेसर में 232 और मुंडियाखेड़ा में 256 दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। जींद में एक्यूआई 180, करनाल में 198, कुरुक्षेत्र में 186 और रोहतक में 147 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।