हिसार रेलवे स्टेशन पर LPG टैंकर में गैस लीक, पंजाब-जींद से पहुंचीं टीमें; पूरे इलाके की घेराबंदी
मंगलवार सुबह हिसार रेलवे स्टेशन पर एक एलपीजी टैंकर वैगन से गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। विभिन्न टीमों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और क ...और पढ़ें
-1785341685602_m.webp)
हिसार रेलवे स्टेशन पर LPG टैंकर में गैस लीक। फोटो जागरण
HighLights
हिसार रेलवे स्टेशन पर एलपीजी टैंकर से गैस रिसाव हुआ।
फायर ब्रिगेड और तकनीकी टीमों ने रिसाव को नियंत्रित किया।
त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला, कोई जनहानि नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एलपीजी टैंकर वैगन में गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। सुबह 7:17 बजे एचएमईएल साइडिंग से एचपीसीए साइडिंग असौदा (झज्जर) जा रही मालगाड़ी हिसार स्टेशन पर पांच नंबर ट्रैक पर पहुंची।
इसी दौरान मालगाड़ी के एक वैगन में गैस रिसाव की सूचना मिली। ट्रेन मैनेजर ने इंजन के पास लगे एक एलपीजी टैंकर वैगन से गैस रिसाव की सूचना कंट्रोल कार्यालय को दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने प्रभावित वैगन को रैक से अलग कर सूर्य नगर रेलवे फाटक के पास जिंदल साइडिंग में सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
एहतियात के तौर पर रेलवे लाइन की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी। रेलवे के अनुसार रैक में कुल 35 वैगन थे, जिनमें 30 एलपीजी से भरे, दो खाली, दो बाक्स (सेफ्टी वैगन) और एक ब्रेक वैन शामिल थी। प्रत्येक एलपीजी वैगन में करीब 37.6 टन गैस भरी हुई थी।
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, आरपीएफ, जीआरपी, रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
यात्रियों को गैस की दुर्गंध महसूस हुई, जबकि टैंक वैगन के वाल्व से झाग जैसा पदार्थ भी निकलता दिखाई दिया। जिला दमकल अधिकारी के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गैस रिसाव को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
खबरें और भी
फायर ब्रिगेड और तकनीकी टीम ने संभाला मोर्चा
फायर ब्रिगेड अधिकारी सुरेश मान और उनकी टीम ने टैंक वैगन के वाल्व से हो रहे गैस रिसाव को नियंत्रित किया। इसके बाद रतनगढ़ स्थित एचएमईएल रिफाइनरी और जींद से रेलवे की तकनीकी टीमों को बुलाया गया। सबसे पहले जींद की मेंटिनेंस टीम ने जांच की, जबकि बाद में रतनगढ़ से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने वैगन की दोबारा जांच कर उसे सील किया।
दोपहर करीब 12:30 बजे तक गैस रिसाव पूरी तरह रोक दिया गया। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे वैगन को वापस रैक से जोड़कर झज्जर के असौदा के लिए रवाना कर दिया गया। पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई।