हरियाणा कॉलेज दाखिले: पहली मेरिट फीस जमा करने का आज आखिरी मौका, हिसार में 70 फीसदी सीटें खाली
हरियाणा के सरकारी और निजी कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की पहली मेरिट सूची के तहत फीस जमा करने का आज अंतिम दिन है, जबकि हिसार के अधिकांश कॉलेजों में 7 ...और पढ़ें

HighLights
पहली मेरिट सूची फीस जमा करने का आज अंतिम दिन।
हिसार के कई कॉलेजों में 70% सीटें रिक्त।
दूसरी मेरिट सूची 4 अगस्त को होगी जारी।
जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा के सरकारी, एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष के दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों के पास फीस जमा कराने का मंगलवार को अंतिम अवसर है। हिसार के अधिकांश कालेजों में पहली मेरिट सूची के बाद भी सीटों का बड़ा हिस्सा खाली है।
केवल गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में 45 प्रतिशत से अधिक सीटों पर दाखिले हुए हैं, जबकि दयानंद, फतेहचंद, जाट, राजकीय महिला, ओडीएम और इंपीरियल कॉलेज में महज 25 से 30 प्रतिशत सीटें ही भर सकी हैं।
यानि इन कालेजों में 70 प्रतिशत के करीब सीटें अभी भी रिक्त हैं। कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी दूसरी मेरिट सूची का इंतजार कर रहे हैं ताकि उन्हें अपनी पसंद के कॉलेज और विषय में प्रवेश मिल सके। विभाग के अनुसार कॉलेजों और विद्यार्थियों की ओर से मिली मांग के बाद यह निर्णय लिया गया है।
संशोधित शेड्यूल के अनुसार 4 अगस्त को शाम 5 से 6 बजे के बीच दूसरी मेरिट सूची (प्रोविजनल) जारी होगी, जबकि शाम 6 बजे अंतिम दूसरी मेरिट सूची प्रदर्शित की जाएगी। दूसरी मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थी 4 से 7 अगस्त शाम 5 बजे तक अपनी फीस जमा करा सकेंगे।

इसके बाद 8 अगस्त को बची हुई सीटों के लिए फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। वहीं 9 अगस्त को आनलाइन एडमिशन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, ताकि नए अभ्यर्थी पंजीकरण कर सकें और आवेदन पत्र में संशोधन भी कर सकें।
फिजिकल काउंसलिंग के तहत 10 से 16 अगस्त तक बची हुई सीटों पर 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रवेश दिए जाएंगे। इसके बाद 17 से 23 अगस्त तक भी दाखिले जारी रहेंगे, जिसमें 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त लेट फीस देनी होगी।
खबरें और भी
दयानंद कॉलेज में अब तक 2000 के करीब सीटों पर महज 434 सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। फतेहचंद कॉलेज में भी बीए में 128 तो बीकाम में 31 सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। जाट कॉलेज में विभिन्न पाठ्यक्रमों में अब तक 276 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया है। शिक्षकों का कहना है कि दूसरी मेरिट सूची जारी होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।