Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खूनी रंजिश: हिसार में 15 लोगों ने डेयरी संचालक को मार डाला, मरने से पहले पीड़ित बोला- 'हाथ-पैर टूट गए, कुछ नहीं बचा'

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 11:27 AM (IST)

    हिसार के सूर्यनगर में पशु डेयरी संचालक जीवन की मंगलवार सुबह 12-15 हमलावरों ने लोहे की रॉड और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

    खूनी रंजिश: हिसार में 15 लोगों ने डेयरी संचालक को मार डाला (फाइल फोटो)

    खूनी रंजिश: हिसार में 15 लोगों ने डेयरी संचालक को मार डाला (फाइल फोटो)


    HighLights

    1. हिसार में डेयरी संचालक जीवन की पीट-पीटकर हत्या

    2. पुरानी रंजिश में पड़ोसी रमेश पंडित पर हत्या का आरोप

    3. मृतक ने मरने से पहले हमले का वीडियो बनाया था

    जागरण संवाददाता, हिसार। सूर्यनगर की गली नंबर छह में पशु डेरी चलाने वाले जीवन (32) की मंगलवार सुबह पौने पांच बजे रेलवे लाइन के पास लोहे की रॉड और डंडों से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

    हमलावरों की संख्या 12 से 15 बताई जा जा रही है। डेढ़ माह पहले घर के बाहर हौद में तूड़ी डालने को लेकर पड़ोसी रमेश पंडित के साथ झगड़ा हुआ था।

    इसी विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलने पर एचटीएम थाना प्रभारी विकास टीम के साथ पहुंचे। सीन आफ क्राइम की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

    पुलिस गली में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। वहीं मृतक के स्वजन ने पोस्टमार्टम करवाने व शव लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपित पकड़े नहीं जाते शव नहीं लेंगे। एचटीएम थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

    वारदात से पहले बनाया गया जीवन का एक मिनट 12 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें जीवन बता रहा है कि सुबह साढ़े छह बजे वह बाइक पर सवार होकर रेलवे लाइन के पास गोबर डालने जा रहा था, जब वह गली नंबर चार और पांच के बीच पहुंचा तो कुछ युवकों ने उसे बाइक से खींचकर जमीन पर गिरा दिया।

    फिर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया। हमला करने वालों में पड़ोसी रमेश पंडित और मोल्लड़ को जानता हूं। मेरे दोनों हाथ और पांव तोड़ दिए। कुछ नहीं बचा अब।

    वीडियो में दोनों हाथों और पांव पर चोट के निशान दिख रहे हैं। साथ में उनके पिता विजेंद्र खड़े दिखाई दे रहे हैं। मृतक के स्वजन ने बताया कि पता चलने पर पिता और दो युवक दौड़ पर वारदात स्थल पर पहुंचे।

    वहां जीवन लहूलुहान जमीन पर पड़ा था। हमलावर मौके से भाग चुके थे। उसे गंभीर हालत में पहले डाबड़ा चौक के पास एक निजी अस्पताल में लेकर आए। बाद में उसे नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।

    खबरें और भी

    फुटेज में सुबह चार बजकर 39 मिनट पर जाता दिखाई दे रहा

    स्वजन के अनुसार मंगलवार सुबह जीवन बाइक के पीछे रेहड़ी जोड़कर गोबर डालने के लिए लुधियाना रेलवे लाइन की तरफ जा रहा था। एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में वह चार बजकर 39 मिनट पर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

    उसके बाद हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। हमलावर उस समय तक उस पर हमला करते रहे जब तक बेहोश नहीं हो गया। स्वजन की मानें तो आरोपित रेलवे लाइन की तरफ से आए थे।

    स्वजन ने शव लेने से किया मना

    मृतक के स्वजन ने पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार करते हुए शव लेने से मना कर दिया। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपित गिरफ्तार नहीं हो जाते शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।

    हालांकि, पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। दोपहर बाद मृतक के स्वजन और परिचित नागरिक अस्पताल से वापस लौट आए। मृतक जीवन को दस साल का बेटा है। पिता विजेंद्र वीटा प्लांट से सेवानिवृत्त हैं।

    डेढ़ माह पहले पत्नी पर किया था हमला

    मृतक के ताऊ रामकुमार ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले घर के बाहर हौद में तूड़ी डालने को लेकर पड़ोसी रमेश पंडित ने झगड़ा किया था। घर में घुसकर जीवन और उसकी पत्नी रमन पर तेजधार हथियार से वार किया था।

    रमन के हाथ पर चोट लगी थी और आठ टांके आए थे। उस समय एचटीएम थाना पुलिस ने रमेश पंडित के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जीवन की पीट-पीटकर हत्या कर दी।