हरियाणा: सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए दी मौत को चुनौती, युवक का 'टावर स्टंट' देख कांप जाएगी रूह
हिसार में मोनू नामक युवक ने 282 फीट ऊंचे जिंदल टावर पर बिना सुरक्षा के खतरनाक स्टंट करते हुए एक रील बनाई, जो वायरल हो गई। प्रसिद्धि की चाह में किए गए ...और पढ़ें

282 फीट ऊंचे जिंदल टावर पर रील बना फैलाई सनसनी, माफी मांगने पर छोड़ा (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हिसार। इंटरनेट मीडिया की चकाचौंध में प्रसिद्धि की चाह जब विवेक पर भारी पड़ जाए, तो जोखिम रोमांच बनकर सामने आ जाता है। ऐसा ही दृश्य उस समय देखने को मिला, जब राजस्थान के नोहर निवासी युवक मोनू ने हिसार के 282 फीट ऊंचे जिंदल टावर को अपनी रील का मंच बना लिया।
बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के टावर पर चढ़कर खतरनाक स्टंट करते हुए उसने कैमरे के सामने खुद को कैद किया और इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया। रील में युवक कभी ऊंचाई पर संतुलन साधता दिखा, तो कभी खाली बोतलों पर खड़े होकर मौत को खुली चुनौती देता नजर आया। यह नजारा देख आमजन से लेकर सुरक्षा कर्मियों तक की सांसें थम गईं।
जान की परवाह किए बिना किए गए इस स्टंट ने पुलिस को भी हरकत में ला दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में इस तरह का जोखिम न उठाने का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी कर्मजीत ने बताया कि युवक के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई है और उसे चेतावनी देकर छोड़ा गया है। साथ ही, युवक और उसके स्वजनों ने भी पुलिस के समक्ष माफी मांगी।