हांसी-बरवाला मार्ग को मिली नई रफ्तार, PM मोदी ने किया 97 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद में 97 करोड़ रुपये की लागत से हांसी-बरवाला मार्ग के चौड़ीकरण परियोजना का शिलान्यास किया। ...और पढ़ें
-1784283376531_m.webp)
हांसी-बरवाला मार्ग को मिली नई रफ्तार (फाइल फोटो)
HighLights
पीएम मोदी ने 97 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास किया।
हांसी-बरवाला मार्ग अब 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा।
व्यापार, आवागमन और किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
जागरण संवाददाता, हांसी। वर्षों तक गड्ढों और जर्जर हालत के कारण वाहन चालकों की परेशानी का कारण बने राष्ट्रीय राजमार्ग-148बी (एनएच-148बी) के हांसी-बरवाला मार्ग के दिन अब बदलने वाले हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जींद में आयोजित जनसभा के दौरान करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस चौड़ीकरण परियोजना का शिलान्यास किया। परियोजना पूरी होने के बाद हांसी से बरवाला तक सफर अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा, जबकि मार्ग पर पड़ने वाले सभी गांवों को डबल लेन सड़क का लाभ मिलेगा।
इस परियोजना के तहत हांसी-बरवाला मार्ग को वर्तमान सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। भाटला, चानौत और ढाणी क्षेत्र में सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा, जबकि पूरे मार्ग पर आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और बेहतर सड़क सुविधाओं का भी विकास होगा।
वर्ष 2017 में इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने के बावजूद सड़क की हालत लगातार खराब होती चली गई थी। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और बरसात के दौरान जलभराव के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहे। पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान यह मार्ग करीब दो माह तक बंद रहा था, जिससे हजारों लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
एनएच-148बी हरियाणा का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो हांसी, बरवाला, टोहाना, जाखल होते हुए पंजाब तथा दूसरी ओर भिवानी, नारनौल के रास्ते राजस्थान से संपर्क स्थापित करता है। सड़क बनने से हिसार, जींद, फतेहाबाद, भिवानी सहित आसपास के जिलों के किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। कृषि उपज, कपास, अनाज और अन्य औद्योगिक सामान का परिवहन तेज होगा, जिससे समय और लागत दोनों में कमी आएगी।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
- हांसी-बरवाला के बीच सफर होगा सुरक्षित और तेज।
- मार्ग पर पड़ने वाले सभी गांवों को डबल लेन सड़क की सुविधा।
- हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के बीच सड़क संपर्क होगा मजबूत।
- किसानों और व्यापारियों को माल ढुलाई में होगी आसानी।
- दुर्घटनाओं में आएगी कमी और यात्रा समय बचेगा।
- औद्योगिक व व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा।
- बाक्स : वर्षों से उठ रही थी चौड़ीकरण की मांग
एनएच-148बी का यह हिस्सा लंबे समय से बदहाल स्थिति में था। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते थे और बरसात में हालात और खराब हो जाते थे। कई बार मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परियोजना का शिलान्यास होने के बाद क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि वर्षों पुरानी यह समस्या जल्द समाप्त होगी और हांसी-बरवाला मार्ग आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा।