Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिसार में पेट्रोल पंप पर टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर, दो भाइयों समेत तीन की मौत

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 06:45 PM (IST)

    सिवानी मंडी के पास मोतीपुरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पेट्रोल पंप पर खड़े होकर साथी का इंतजार करते समय ...और पढ़ें

    सिवानी मंडी में भीषण सड़क हादसा, टैंकर की टक्कर से दो भाइयों समेत तीन की मौत।

    सिवानी मंडी में भीषण सड़क हादसा, टैंकर की टक्कर से दो भाइयों समेत तीन की मौत।

    HighLights

    1. हादसे में दो भाइयों और उनके भानजे की मौत

    2. पेट्रोल पंप पर टैंकर ने कुचला, तीनों की जान गई

    3. पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया

    संवाद सहयोगी, सिवानी मंडी (हिसार)। सिवानी मंडी के निकटवर्ती गांव मोतीपुरा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों बाइक के पास खड़े होकर अपने एक साथी का इंतजार कर रहे थे।

    इसी दौरान तेल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचे एक टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मरने वालों में झूंपा निवासी कालूराम (52), उसका भाई मंगलाराम (45) और उनका भानजा सिधनवा निवासी सुनील कुमार (19) शामिल है। सिवानी मंडी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    जानकारी के अनुसार झूंपा निवासी कालूराम, मंगलाराम और उनका भानजा सुनील कुमार तीनों मजदूरी का काम करते थे। मंगलाराम चिनाई मिस्त्री का काम करता था। शनिवार सुबह तीनों बाइक पर सवार होकर काम करने गढ़वा जा रहे थे। रास्ते में मोतीपुरा स्थित पेट्रोल पंप पर वे अपने एक साथी का इंतजार करने के लिए रूके थे। इसी बीच पेट्रोल भरवाने आए टैंकर ने तीनों को कुचल दिया।

    दुर्घटना में सुनील और मंगलाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कालू राम को उपचार के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंगलाराम और सुनील कुमार के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी भेजा है, जबकि कालूराम के शव का हिसार में पोस्टमार्टम करवाया गया।

    खबरें और भी

    पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव झूंपा में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक कालूराम के दो लड़के और दो लड़कियां हैं। वहीं, मंगलाराम को एक बेटा और एक बेटी है। उनका भानजा सुनील कुमार एक साल से उनके पास ही रह रहा था।