हिसार पंपिंग स्टेशन में ब्लॉकेज खोलने के लिए मजदूरों को उतारा नीचे, जहरीली गैस से एक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर
हिसार के गंगवा गांव में जनस्वास्थ्य विभाग के पंपिंग स्टेशन में ब्लाकेज खोलते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से एक मजदूर मोनू की मौत हो गई, जबकि दूसरा ...और पढ़ें
-1784132906283_m.webp)
जहरीली गैस चढ़ने से एक की मौत। फाइल फोटो
HighLights
पंपिंग स्टेशन में जहरीली गैस से मजदूर मोनू की मौत।
दूसरा मजदूर सोनू आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा।
ठेकेदार ने बिना अनुमति काम कराया, सुरक्षा उपकरण नहीं दिए।
जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के साथ सटे गंगवा गांव में कैमरी रोड पर जनस्वास्थ्य विभाग के इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन में ब्लाकेज खोलते समय जहरीली गैस के प्रभाव से मजदूर मोनू (23) की मौत हो गई। दूसरा मजदूर 35 वर्षीय सोनू का शहर के एक निजी अस्पताल के आइसीयू में उपचार चल रहा है।
सूचना मिलने पर एसडीएम ज्योति मित्तल और जनस्वास्थ्य विभाग के डिविजन तीन के एसडीओ संजय दूहन मौके पर पहुंचे। एसडीओ ने बताया कि ठेकेदार रोहताश ने विभाग से अनुमति लिए बिना काम शुरू किया हुआ था। वहीं मृतक और घायलों के स्वजन का कहना है कि ठेकेदार की तरफ से काम करते समय कोई सुरक्षा के उपकरण नहीं दिए गए थे।
गंगवा गांव के रहने वाले मोनू ने बताया कि बड़ा भाई सोनू और गांव का ही मोनू दोनों ठेकेदार रोहताश के पास करीब सात दिन से काम कर रहे थे। रोजाना की तरह सुबह दोनों कैमरी रोड पर इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन में काम करने के लिए गए थे। वहां दोनों के अलावा एक मजदूर और काम कर था।
दोपहर करीब 12 बजे मोनू और सोनू दोनों पंपिंग स्टेशन में करीब 15 फीट नीचे उतरे थे। दोनों बाल्टी से ब्लाकेज का कूडा-कचरा बाहर निकाल रहे थे। ऊपर खड़ा मजदूर बाल्टी खींच रहा था। नीचे काम करते समय दोनों जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दोनों बेहोश हो गए।
खबरें और भी
बाहर खड़े मजदूर ने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला। मोनू की तब तक मौत हो चुकी थी। सोनू को शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर आए, जहां पर उसका आइसीयू में उपचार चल रहा है।
सुरक्षा के नहीं दिए थे उपकरण
मृतक और घायल के स्वजन ने बताया कि ठेकेदार की तरफ से इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन में ब्लाकेज खोलने का काम करवाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि काम करते समय ठेकेदार की तरफ से कोई सुरक्षा के उपकरण नहीं दिए गए थे। उनके पास सुरक्षा के उपकरण होते तो हादसा नहीं होता। हादसे में ठेकेदार की लापरवाही है।
मृतक मोनू था इकलौता बेटा
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मोनू मजदूरी का काम करता था। वह इकलौता था। उसकी बड़ी बहन शादीशुदा है। वहीं घायल सोनू शादीशुदा है। उसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। स्वजन ने बताया कि सोनू की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसका आइसीयू में उपचार चल रहा है।
इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन में ठेकेदार रोहताश बिना जनस्वास्थ्य विभाग की अनुमति के काम करवा रहा था। विभाग को इस बारे पता नहीं था। हादसा होने के बाद पता चला कि वहां पर काम चल रहा है।
काम करवाने का पता होता तो विभाग की तरफ से एक अधिकारी को वहां पर भेजा जाता। जिसकी देखरेख में काम चलाता। पंपिंग में काम करते समय नीचे सल्फर और कार्बन डायक्साइड निकलने के कारण मजदूर की मौत हो गई और दूसरा मजदूर आइसीयू में भर्ती है।ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज करवाया जाएगा।
- संजय दूहन, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग डिविजन तीन, हिसार