'कांग्रेस को संगठन बनाने की आदत नहीं, बीजेपी के मॉडल से सीखे', पूर्व हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओपी धनखड़ का कांग्रेस पर तंज
पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पन्ना प्रमुखों पर कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन ही हरियाणा में उसकी सफलत ...और पढ़ें

पूर्व हरियाणा BJP अध्यक्ष ओपी धनखड़ का कांग्रेस पर तंज (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, झज्जर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने पन्ना प्रमुखों को लेकर एक कांग्रेसी नेता द्वारा दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का यह संगठन किसी एक व्यक्ति के आधार या सिर्फ आंकड़ों पर नहीं चलता, बल्कि हमारे पन्ना प्रमुख राष्ट्रीय कार्यालय तक पंजीकृत होते हैं। इसी मजबूत सांगठनिक ढांचे के दम पर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है और चौथी बार भी पन्ना प्रमुख ही सरकार बनाएंगे।
ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को संगठन बनाने और उसे चलाने की आदत ही नहीं है। चुनाव के समय भी कांग्रेसी नेता अहंकार में कह रहे थे कि हम पन्ने फाड़ देंगे, लेकिन परिणाम सबके सामने है, कांग्रेस खुद फट गई और सत्ता से दूर रह गई।
उन्होंने कहा कि असल में भाजपा के पन्ना प्रमुखों की ताकत कांग्रेस को भयभीत करती है, और वे इस सच को नकार कर केवल अपना डर दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता आधारित नहीं, बल्कि केवल नेता आधारित संगठन है, इसलिए भाजपा जैसा मजबूत संगठन खड़ा करना उनके बस की बात नहीं है।
पन्ना प्रमुख अभियान के सफर को रेखांकित करते हुए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस कार्य की शुरुआत उन्होंने स्वयं की थी, जिसे बाद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मोहन लाल कौशिक ने पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया। अब डॉ. अर्चना गुप्ता इस अभियान को एक नए और आधुनिक लेवल पर लेकर जाएंगी।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि हर बार संगठन की रचना के साथ पन्ना प्रमुखों की यह टीम पुनः खड़ी होती है। भाजपा केवल संगठन खड़ा नहीं करती, बल्कि उसे निरंतर सक्रिय रखकर काम भी देती है।
इसी रणनीति के तहत उस समय भी प्रदेश की 85 विधानसभाओं में भव्य पन्ना प्रमुख सम्मेलन आयोजित किए गए थे। धनखड़ ने नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा के इस माडल को नकारने की बजाय हमसे कुछ सीखे और आगे बढ़े।