बढ़ती गर्मी और हीट वेव को लेकर प्रशासन अलर्ट, झज्जर डीसी ने जारी की गाइडलाइन
झज्जर डीसी वर्षा खांगवाल ने बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिलेवासियों के लिए सुरक्षा दिशानिर्देश जारी किए हैं। ...और पढ़ें

बढ़ती गर्मी और हीट वेव को लेकर प्रशासन अलर्ट। फाइल फोटो
HighLights
डीसी ने दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की।
श्रमिकों को दोपहर में सीधे धूप में काम से रोका जाए।
झज्जर अस्पताल में 'हीट वेव' और 'ओआरएस कार्नर' स्थापित।
जागरण संवाददाता, झज्जर। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मौसम में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने जिलेवासियों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। डीसी ने बताया कि उपमंडल सचिवालयों और बीडीपीओ कार्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि नागरिक मौसम पूर्वानुमान की जानकारी नियमित रूप से लेते रहें, शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और लस्सी का सेवन करें। धूप में निकलते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें तथा सिर को टोपी, छाते या दुपट्टे से ढककर रखें, खुले में कार्य करने वाले लोग समय-समय पर विश्राम करें।
श्रमिकों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष निर्देश
डीसी वर्षा खांगवाल ने औद्योगिक इकाइयों और निर्माण स्थलों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। कार्यस्थलों पर ठंडे पानी व छांव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा श्रमिकों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधे सूर्य की रोशनी में कार्य करने से बचाया जाए। कठिन कार्य सुबह या शाम को करवाएं। इसके अलावा, बच्चों और पालतू पशुओं को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें।
सिविल सर्जन डा. मंजू कादियान ने बताया कि डीसी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग जिलेभर में जागरूकता अभियान चला रहा है। नागरिक अस्पताल झज्जर में 'हीट वेव कार्नर' और 'ओआरएस कार्नर' स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया तेज धूप से हीट स्ट्रोक, उल्टी और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अतः आमजन खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचें, ताजा भोजन लें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सीय सलाह लें।