झज्जर अस्पताल में जलभराव से हाहाकार, मोर्चरी तक पानी में शव ले जाने को मजबूर परिजन
झज्जर के सामान्य अस्पताल में तेज बरसात के बाद जलभराव हो गया, जिससे मोर्चरी तक पहुंचने में मृतकों के स्वजनों को भारी परेशानी हुई। ...और पढ़ें

HighLights
तेज बरसात से झज्जर अस्पताल परिसर में जलभराव।
मोर्चरी तक पानी भरने से शव ले जाने में दिक्कत।
अस्पताल में जलनिकासी की उचित व्यवस्था का अभाव।
जागरण संवाददाता, झज्जर। शनिवार को हुई तेज बरसात के बाद सामान्य अस्पताल परिसर भी जलभराव की समस्या से अछूता नहीं रहा। अस्पताल के मुख्य गेट से लेकर मोर्चरी के सामने तक वर्षा का पानी भर गया। ऐसे में मृतकों के स्वजनों को पानी के बीच से होकर मोर्चरी तक पहुंचना पड़ा।
हालात यह रहे कि शवों को भी पानी के अंदर से ही मोर्चरी तक ले जाना पड़ा। अस्पताल परिसर में जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात का पानी काफी देर तक जमा रहा।
मुख्य गेट से मोर्चरी की तरफ जाने वाले रास्ते पर पानी भरने से मरीजों और उनके स्वजनों के साथ-साथ अस्पताल में आने वाले अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मृतकों के स्वजनों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी, जिन्हें पानी में से होकर शव मोर्चरी तक ले जाने पड़े।
कर्मचारियों के क्वार्टरों के सामने भरा पानी
वहीं, अस्पताल परिसर में बने कर्मचारियों के क्वार्टरों के सामने भी वर्षा का पानी जमा हो गया। इससे कर्मचारियों को अपने आवासों तक आने-जाने में परेशानी हुई। अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर जलभराव की स्थिति ने प्रशासनिक तैयारियों पर भी सवाल खड़े किए हैं। बरसात के दौरान अस्पताल परिसर में जलभराव कोई नई समस्या नहीं है। इसके बावजूद स्थायी जलनिकासी व्यवस्था नहीं हो पाई है। ऐसे में मरीजों, उनके स्वजनों और अस्पताल कर्मचारियों को हर बार परेशानी झेलनी पड़ती है।