11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आया झज्जर का युवक, करंट लगने से मौत
झज्जर के नौरंगपुर गांव में मकान की छत पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 26 वर्षीय रवि की मौत हो गई। ...और पढ़ें

छत पर चढ़े युवक की 11 हजार वोल्ट की लाइन के करंट की चपेट आने से मौत।
HighLights
झज्जर के नौरंगपुर में युवक की करंट लगने से मौत
11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन बनी मौत का कारण
रिहायशी इलाकों में बिजली लाइनों की सुरक्षा पर चिंता
जागरण संवाददाता, झज्जर। जिले के नौरंगपुर गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के करंट की चपेट में आने से करीब 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक किसी काम से मकान की छत पर गया था।
छत के बिल्कुल पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के एकाएक संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनीपत जिले के मटिंडू गांव निवासी 26 वर्षीय रवि पुत्र रोहताश के रूप में हुई है।
रवि नौरंगपुर गांव में अपनी मौसी के लड़के के साथ रहकर बिल्डिंग मैटीरियल के काम से जुड़ा हुआ था। हादसे के बाद सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल भिजवाया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। कहा जा सकता है कि यह हादसा एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट की लाइनें मकानों की छतों के बेहद करीब से गुजर रही हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सदर थाना प्रभारी परमजीत सिंह ने बताया प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हुआ है। इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया है। मामले की नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।