हरियाणा के जींद में गर्भवती महिला और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत, इलाज के लिए रातभर भटकते रहे परिजन
जींद के कोयल गांव में आठ माह की गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। रातभर इलाज के लिए कई अस्पतालों में भटकने के बाद महिला ने नागरिक अस्पत ...और पढ़ें
-1783430048776_m.webp)
अस्पताल के बाहर खड़े परिजन। फोटो जागरण
HighLights
आठ माह की गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत।
रातभर इलाज के लिए कई अस्पतालों में भटके स्वजन।
नागरिक अस्पताल जींद में महिला ने तोड़ा दम।
जागरण संवाददाता, जींद। गांव कोयल निवासी गर्भवती महिला व बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत गर्भ में ही हो गई थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला की डिलीवरी हुई। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डिलीवरी के बाद स्वजन महिला को नागरिक अस्पताल जींद ले आए। यहां सुबह महिला की भी मौत हो गई। गढ़ी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया है।
गांव कोयल निवासी अजय की पत्नी 21 वर्षीय ज्योति आठ महीने की गर्भवती थी। सोमवार शाम को उसके पेट में दर्द हो गया। अजय व उसके स्वजन ज्योति को लेकर कैथल के निजी अस्पताल में चले गए। यहां उसे कुछ आराम हो गया तो स्वजन घर ले आए।
इसके बाद फिर ज्योति को दिक्कत हो गई। स्वजन उसे पीएचसी धनौरी ले गए। यहां आराम नहीं हुआ तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझाना लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे की गर्भ में ही मौत हो चुकी है। यहां उसकी डिलीवरी करवाई गई।
यहां ज्योति की तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण नागरिक अस्पताल जींद ले आए। सुबह साढ़े चार बजे ज्योति नागरिक अस्पताल पहुंची। यहां कुछ ही देर में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नागरिक अस्पताल में आने के बाद कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मौके पर चार डाक्टर मौजूद थे। ज्योति का डेढ़ ग्राम खून था। उसका ब्लडप्रेशर भी बहुत लो था। गर्भ में ही बच्चे की दो से तीन दिन पहले मौत हो चुकी थी। पहले ज्योति को एक बच्चा है, जो आपरेशन से हुआ था। इसके बावजूद स्वजन ने ध्यान नहीं दिया।
- डॉ. मंजू सिंगला, महिला रोग विशेषज्ञ।
सवा साल के बच्चे को छोड़ गई ज्योति
अजय ने बताया कि वह मजदूरी करता है। ज्योति का मायका ढाबी टेक सिंह में है। ज्योति को रात को कैथल से उसके मायका पक्ष के लोग ढाबी टेकसिंह भी ले गए थे। सवा साल पहले ज्योति ने लड़के को जन्म दिया था। उस समय कैथल के निजी अस्पताल में सीजेरियन से डिलीवरी हुई थी।
नागरिक अस्पताल जींद से महिला की मौत का समाचार मिला था। अस्पताल में जाकर स्वजन के बयान दर्ज किए हैं। महिला व बच्चे की मौत हुई है। स्वजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
- मीना, सब-इंस्पेक्टर गढ़ी थाना।