Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    PM मोदी के स्वागत में दुल्हन की तरह सज रहा जींद, तैयारियों का जायजा लेने दूसरी बार पहुंचे CM नायब सैनी

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी के जींद दौरे की तैयारियों का जायजा लिया, जहां वे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ कर ...और पढ़ें

    पीएम के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने जींद पहुंचे सीएम सैनी।

    पीएम के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने जींद पहुंचे सीएम सैनी।

    HighLights

    1. प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को जींद आ रहे हैं

    2. देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे

    3. मुख्यमंत्री ने तैयारियों का जायजा लिया, रैली भव्य होगी

    जागरण संवाददाता, जींद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार शाम को जींद का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री पहले एकलव्य स्टेडियम के सामने हुडा ग्राउंड में रैली स्थल पर पहुंचे। कार्यक्रम स्थल के नक्शे का अवलोकन किया और मुख्य पंडाल, सेक्टर व्यवस्था, पार्किंग स्थल, मीडिया लाउंज, सुरक्षा प्रबंधों सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

    उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। प्रधानमंत्री जींद की धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा और देश के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

    प्रधानमंत्री प्रदेश के विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में यातायात व्यवस्था, सीएनजी बसों व इलेक्ट्रिक वाहनों की उपलब्धता, पार्किंग प्रबंधन और लोगों के आवागमन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लगातार भाजपा नेता व मंत्री जींद का दौरा कर रहे हैं।

    ये मुख्यमंत्री का एक सप्ताह के अंदर दूसरा दौरा था। वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार देर शाम को रैली स्थल का दौरा किया था। रविवार दोपहर को भाजपा राष्ट्रीय ओमप्रकाश धनखड़ भी जींद पहुंचे। उन्होंने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान कहा कि देश की ग्रीन एनर्जी यात्रा को हाइड्रोजन ट्रेन नई गति देगी।

    खबरें और भी

    प्रधानमंत्री हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करने जींद आ रहे हैं। ये पूरे प्रदेशवासियों के लिए आनंद का पर्व है। साथ ही ट्रेन का शेड्यूल भी तैयार कर लिया गया है। ट्रेन सुबह 7:40 बजे जींद से चलकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में सोनीपत से सुबह 10:40 बजे रवाना होगी। हालांकि, अभी किराये को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

    रैली का नाम- विकसित हरियाणा, विकसित भारत

    भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री की रैली को विकसित हरियाणा विकसित भारत नाम दिया गया है। इस रैली में रेल मंत्री के साथ और भी केंद्रीय मंत्री पहुंचने की संभावना है। रैली को भव्य बनाने के लिए भाजपा व प्रदेश सरकार किसी तरह की कमी नहीं छोड़ना चाहती।

    वॉटरप्रूफ टेंट, 10 हजार कुर्सियां लगेंगी

    रैली स्थल पर लोगों के बैठने के लिए 10 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। मुख्य स्टेज 96 फीट लंबा व 36 फीट चौड़ा बनाया जाएगा। वीवीआईपी, वीआइपी के लिए अलग स्टेज बनाए जाएंगे। वीवीआईपी व वीआइपी के बैठने के लिए सोफे लगाए जाएंगे।

    वर्षा होने पर किसी तरह का व्यवधान ना हो, इसके लिए पूरा टेंट वॉटरप्रूफ होगा। रैली स्थल से एसपी कोठी तक खस्ताहाल सड़क का निर्माण किया जा रहा है। ये प्रधानमंत्री का रैली स्थल पर पहुंचने का संभावित रूट है।